पाकिस्तान बलोच एक्टिविस्ट महरंग बलोच को हत्या और आतंकवाद में उम्रकैद

· 1 min read
पाकिस्तान बलोच एक्टिविस्ट महरंग बलोच को हत्या और आतंकवाद में उम्रकैद

वर्ल्ड अपडेट्स

पाकिस्तान में बलोच एक्टिविस्ट महरंग बलोच को उम्रकैद, हत्या और आतंकवाद मामले में दोषी करार

पाकिस्तान की एक अदालत ने बलोच मानवाधिकार कार्यकर्ता महरंग बलोच और उनके दो सहयोगियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। क्वेटा की एंटी-टेररिज्म कोर्ट ने तीनों को हत्या और आतंकवाद से जुड़े मामले में दोषी ठहराया।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, महरंग बलोच, सिबगतुल्लाह और बलाच कादिर ने एक भीड़ को उकसाया था, जिसने अर्धसैनिक बल के जवान शब्बीर अहमद की हत्या कर दी थी।

33 वर्षीय महरंग बलोच बलोच यकजेहती कमेटी (BYC) की प्रमुख हैं और बलूचिस्तान में कथित जबरन गुमशुदगी के मामलों को लेकर लंबे समय से अभियान चलाती रही हैं। उन्हें पिछले साल मार्च में कई अन्य कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार किया गया था।

फैसले के बाद पाकिस्तान मानवाधिकार आयोग ने इसकी समीक्षा की मांग की है। आयोग का कहना है कि मानवाधिकारों की वकालत करने वालों के साथ चरमपंथियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। वहीं बलोच यकजेहती कमेटी ने फैसले को बलोच समुदाय के खिलाफ बताया है।

स्वीडिश कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग ने भी मुकदमे की आलोचना करते हुए इसे न्याय का मजाक करार दिया है। फैसले के बाद पाकिस्तान में मानवाधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर बहस तेज हो गई है।

सिंगापुर की दो कंपनियों पर मजदूरों का वेतन रोकने का आरोप, 400 भारतीय-बांग्लादेशी बोले- महीनों से नहीं मिला पैसा

सिंगापुर में काम कर रहे करीब 400 प्रवासी मजदूरों, जिनमें बड़ी संख्या भारतीयों और बांग्लादेशियों की है, ने दो कंपनियों पर वेतन नहीं देने का आरोप लगाया है।

शिकायतों के बाद सिंगापुर का श्रम मंत्रालय जांच में जुट गया है, जबकि प्रवासी श्रमिकों की मदद करने वाले संगठन प्रभावित मजदूरों को भोजन और कानूनी सहायता दे रहे हैं।

श्रम मंत्रालय ने सोमवार को KPA इंजीनियरिंग और SK इंडस्ट्रीज के खिलाफ जांच शुरू की थी। शुरुआत में करीब 100 मजदूरों ने शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में प्रभावित कर्मचारियों की संख्या बढ़कर करीब 400 पहुंच गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनियों के भुगतान नहीं करने के कारण भोजन सप्लाई करने वालों ने भी कुछ दिन पहले मजदूरों को खाना देना बंद कर दिया था। इसके बाद माइग्रेंट वर्कर्स सेंटर ने 300 से ज्यादा मजदूरों को भोजन और दूसरी मदद उपलब्ध कराई।

सरकार ने कहा है कि प्रभावित मजदूर नई नौकरी भी तलाश सकते हैं। वहीं श्रमिक संगठनों का कहना है कि कई मजदूर नौकरी और वर्क परमिट खोने के डर से समय पर शिकायत नहीं करते।

मामले की जांच जारी है। अधिकारियों के साथ-साथ कई गैर-सरकारी संगठन भी मजदूरों की शिकायतों और कंपनियों की स्थिति की जांच कर रहे हैं।

उत्तर कोरिया को अगले पांच वर्षों तक हर साल 2 युद्धपोत बनाने चाहिए: किम

उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने कहा है कि देश को अगले पांच वर्षों तक हर साल दो बड़े युद्धपोत बनाने चाहिए। उन्होंने मंगलवार को नए विध्वंसक युद्धपोत ‘चोए ह्योन’ के कमीशनिंग समारोह में कहा कि देश की नौसेना का आधुनिकीकरण तेज गति से आगे बढ़ेगा और इसकी परमाणु क्षमता भी मजबूत होगी।

राज्य समाचार एजेंसी KCNA के मुताबिक किम ने नामपो बंदरगाह पर आयोजित समारोह में हिस्सा लिया। यह कार्यक्रम 5,000 टन क्षमता वाले बहुउद्देशीय विध्वंसक युद्धपोत चोए ह्योन की तैनाती के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। किम ने कहा कि अगले पांच वर्षों में हर साल इसी क्षमता के दो युद्धपोत बनाए जाने चाहिए।

उन्होंने बताया कि उत्तर कोरिया जल्द ही कांग कोन नामक एक और 5,000 टन क्षमता वाला विध्वंसक युद्धपोत तैनात करेगा। इसके अलावा 10,000 टन क्षमता वाले रणनीतिक युद्धपोतों को भी नौसेना में शामिल करने की योजना है। कांग कोन युद्धपोत पिछले वर्ष लॉन्चिंग समारोह के दौरान आंशिक रूप से पलट गया था, जिसके बाद उसकी मरम्मत की गई।

किम जोंग उन ने कहा कि अब तक उत्तर कोरिया की नौसेना उसकी सैन्य शक्ति का सबसे कमजोर हिस्सा थी, लेकिन नए कार्यक्रमों के बाद इसकी क्षमता "कल्पना से परे" स्तर तक पहुंच जाएगी।

ऑस्ट्रेलिया के दूसरे राज्य में भी H5N1 बर्ड फ्लू की पुष्टि: पापुआ न्यू गिनी ने पोल्ट्री आयात पर लगाई रोक

ऑस्ट्रेलिया में H5N1 बर्ड फ्लू का फैलाव बढ़ता दिख रहा है। पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के बाद अब दक्षिण ऑस्ट्रेलिया में भी वायरस का मामला सामने आया है। इसके बाद पड़ोसी देश पापुआ न्यू गिनी ने ऑस्ट्रेलिया से पोल्ट्री मांस और अन्य उत्पादों के आयात पर प्रतिबंध लगा दिया है।

दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के प्रीमियर पीटर मालिनाउसकास ने बताया कि फाउलर्स बे क्षेत्र में दो मृत सब-अंटार्कटिक समुद्री पक्षियों और एक पेलिकन में H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है। यह इलाका पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के एस्पेरेंस से करीब 1,200 किलोमीटर दूर है, जहां पहले दो मामलों की पुष्टि हुई थी।

ऑस्ट्रेलियाई कृषि विभाग के मुताबिक मामलों की पुष्टि के बाद पापुआ न्यू गिनी ने ऑस्ट्रेलिया से पोल्ट्री मांस और अन्य उत्पादों के आयात पर रोक लगा दी है। पापुआ न्यू गिनी ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा पोल्ट्री निर्यात बाजार है। वर्ष 2023 में उसने ऑस्ट्रेलिया से 4.4 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर मूल्य के पोल्ट्री उत्पाद आयात किए थे।

ऑस्ट्रेलिया अब तक दुनिया का एकमात्र महाद्वीप था, जहां मुख्यभूमि पर H5N1 का कोई पुष्ट मामला नहीं मिला था। हालांकि, 2025 के अंत में इसके उप-अंटार्कटिक क्षेत्र हर्ड द्वीप पर वायरस की मौजूदगी दर्ज की गई थी।

Janmejay Chaturvedi