भोपाल-इंदौर हाईवे पर विक्रमादित्य द्वार, फंदा का नाम हरिहर नगर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल-इंदौर स्टेट हाईवे पर बनने वाले विक्रमादित्य द्वार का भूमिपूजन किया। यह द्वार उज्जैन के विक्रमादित्य द्वार की तर्ज पर बनाया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने फंदा का नाम बदलकर हरिहर नगर करने की घोषणा की और क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं भी कीं।
सादगीपूर्ण शादी और मृत्यु भोज में फिजूलखर्ची से बचने की अपील
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों से मृत्यु भोज और शादियों में अनावश्यक खर्च न करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बड़े लोग दिखावे में खर्च करते हैं, जिसकी नकल कर गरीब परिवार कर्ज और जमीन गिरवी रखने की स्थिति में पहुंच जाते हैं, इसलिए अपनी जमीन बचाकर रखें और फिजूलखर्ची से बचें।
उन्होंने बताया कि अपने बेटे अभिमन्यु और बहू डॉ. इशिता की शादी उन्होंने सामूहिक विवाह सम्मेलन में कराई थी, जहां गरीब परिवारों के बच्चे भी विवाह बंधन में बंधे। उन्होंने कहा कि सबका साथ-सबका विकास केवल बोलने से नहीं, बल्कि व्यवहार में उतारने से होगा।
शिक्षा पर खर्च बढ़ाने और सामूहिक विवाह को बढ़ावा देने की बात
डॉ. यादव ने लोगों से संकल्प लेने को कहा कि वे दिखावे की बजाय बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और गरीबों की मदद पर पैसा खर्च करें। उन्होंने सामूहिक विवाह को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इससे अनावश्यक खर्च से बचा जा सकता है। उन्होंने उदाहरण दिया कि भोपाल के प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप जैसे धनाढ्य लोग भी सीमित मेहमानों के बीच शादियां करते हैं।
मेट्रोपॉलिटन सिटी और दो महानगरों की रूपरेखा
मुख्यमंत्री ने बताया कि सीहोर, विदिशा, रायसेन, भोपाल और नर्मदापुरम को मिलाकर एक मेट्रोपॉलिटन सिटी विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। इसके साथ ही इंदौर के आसपास धार, उज्जैन, देवास और शाजापुर को जोड़ते हुए दो बड़े महानगर बनाने का प्लान तैयार किया जा रहा है।
कांग्रेस पर निशाना, लैडली बहनों की योजना का बचाव
फंदा स्थित शासकीय महाराणा प्रताप स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हर महीने महिलाओं को डेढ़ हजार रुपये देकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया जा रहा है, जो कांग्रेस को रास नहीं आ रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हर योजना में राजनीति देखती है और कहती है कि महिलाओं को पैसा न दिया जाए।
उन्होंने कहा कि माताएं-बहनें गंगाजल की तरह पवित्र हैं और किसी धर्म में भेदभाव किए बिना लैडली बहनों को राशि दी जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और उपस्थित महिलाओं से आगामी चुनाव में कांग्रेस को सबक सिखाने की अपील की।
विरासत और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ी बातें
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सम्राट विक्रमादित्य, राजा भोज, भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के इतिहास और योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने इन्हें सम्मान देने के क्रम में उपस्थित लोगों से मोबाइल की टॉर्च जलवाकर माहौल को सांस्कृतिक रूप से भावपूर्ण बनाया।
विधायक की मांग पर नाम बदलने और विकास कार्यों की घोषणाएं
कार्यक्रम में हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने फंदा का नाम बदलकर हरिहर नगर रखने की मांग की, जिसे मुख्यमंत्री ने तत्काल स्वीकार कर घोषणा कर दी। शर्मा ने कहा कि फंदा नाम फंदे जैसा लगता है, इसलिए इसे बदला जाना चाहिए। उन्होंने सरदार वल्लभ भाई पटेल स्कूल तूमड़ा, फंदा में कॉलेज भवन और बड़े तालाब के गहरीकरण की भी मांग की।
मुख्यमंत्री ने तूमड़ा हाईस्कूल की बिल्डिंग निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की और फंदा में कॉलेज भवन के लिए राशि स्वीकृत करने की बात कही। साथ ही धामनिया में उद्योग केंद्र बनाने की घोषणा भी की गई।
मोहन सरकार के दो वर्ष और प्रतीकात्मक स्वागत द्वार
विधायक शर्मा ने बताया कि डॉ. मोहन यादव सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर यह बड़ा आयोजन किया गया। उनके अनुसार, पिछले दो वर्षों में मध्यप्रदेश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं, साथ ही विरासत और सांस्कृतिक पहचान को सहेजने की पहलें भी जारी हैं।
भोपाल-इंदौर रोड पर बनने वाला विक्रमादित्य स्वागत द्वार राज्य की सांस्कृतिक गरिमा और विकसित मध्यप्रदेश के विजन का प्रतीक बताया जा रहा है। कार्यक्रम में पीएम ई-बस सेवा से जुड़ी परियोजना के लिए डिपो निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया, जो भविष्य में भोपाल के सार्वजनिक परिवहन को गति देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में नेताओं की मौजूदगी
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा, दक्षिण-पश्चिम विधायक भगवानदास सबनानी, बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, जिलाध्यक्ष तीरथ मीणा, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट, फंदा जनपद अध्यक्ष प्रमोद राजपूत और एमआईसी सदस्य मनोज राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Amit Pateria