राहुल गांधी और खड़गे कल भोपाल में, जवाहर चौक पर किसान महाचौपाल

· 1 min read
राहुल गांधी  और  खड़गे  कल  भोपाल  में,  जवाहर चौक  पर  किसान महाचौपाल

भोपाल में इंडो-यूएस ट्रेड डील के खिलाफ कांग्रेस की किसान महाचौपाल

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 24 फरवरी को भोपाल में होने वाली किसान महाचौपाल में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे। यह महाचौपाल इंडो-यूएस ट्रेड डील के विरोध में जवाहर चौक पर आयोजित की जाएगी। राहुल गांधी दोपहर 1 बजे भोपाल पहुंचेंगे और कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से शुरू होगा।

खड़गे राहुल गांधी से पहले पहुंचेंगे भोपाल

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे राहुल गांधी से पहले भोपाल पहुंचेंगे। जानकारी के अनुसार, खड़गे दोपहर करीब 12 बजे भोपाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे और एक निजी होटल में लगभग डेढ़ घंटे रुकेंगे। दोनों नेता लगभग पौने दो बजे मंच पर पहुंचेंगे। कांग्रेस ने शुरुआत में लाल परेड ग्राउंड और जवाहर चौक दोनों के लिए अनुमति मांगी थी, लेकिन प्रशासन ने केवल जवाहर चौक पर सभा की अनुमति दी है।

50 हजार लोगों के शामिल होने का दावा

आयोजकों ने जवाहर चौक पर दो बड़े डोम बनाए हैं और मंच पर करीब ढाई सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पूर्व विधायक संजय यादव ने दावा किया है कि इस महाचौपाल में लगभग 50 हजार लोग शामिल होंगे। मंच पर मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी के साथ जयराम रमेश, पवन खेड़ा, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, मध्य प्रदेश के कांग्रेस विधायक, राज्यसभा सांसद, पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्य और कांग्रेस के सभी 71 जिला अध्यक्ष मौजूद रहेंगे।

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश भर से कांग्रेस कार्यकर्ता बसों से आ रहे हैं। मऊगंज के पूर्व विधायक सुखेन्द्र सिंह बन्ना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे खुद बस चलाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर भोपाल आ रहे हैं।

राहुल गांधी ने जिला अध्यक्ष चयन पर जताई नाराजगी

इस बीच, राहुल गांधी ने कांग्रेस जिला अध्यक्षों के चयन में मध्य प्रदेश से सबसे ज्यादा शिकायतें मिलने पर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में हुई गलतियां अन्य राज्यों में नहीं होनी चाहिए।

Gulzar Ahmad