मध्य प्रदेश में 82.3% बारिश कोटा पूरा, 12 जिलों में लक्ष्य हासिल

· 1 min read
मध्य प्रदेश में 82.3% बारिश कोटा पूरा, 12 जिलों में लक्ष्य हासिल

मध्य प्रदेश में मानसून सीजन की बारिश 82.3 प्रतिशत दर्ज, 12 जिलों में कोटा पूरा

मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश में अब तक कोटे की 32.4 इंच यानी 82.3 प्रतिशत बारिश हो चुकी है। सितंबर के पहले सप्ताह में ही 5 इंच पानी गिरने से भोपाल, राजगढ़, शिवपुरी, निवाड़ी, मैहर, भिंड, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना, मऊगंज और शहडोल समेत 12 जिलों में बारिश का कोटा 101 से 146 प्रतिशत तक पूरा हो गया है। वहीं बुरहानपुर, ग्वालियर, गुना, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, अनूपपुर और उमरिया में 90 प्रतिशत से अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब तक 778.9 मिमी यानी 30.7 इंच बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 823.9 मिमी यानी 32.4 इंच होनी थी। इस तरह 1.7 इंच यानी 5 प्रतिशत की कमी बनी हुई है। पूर्वी हिस्से में सामान्य से 2 प्रतिशत अधिक और पश्चिमी हिस्से में 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मऊगंज में सर्वाधिक 53 इंच और आलीराजपुर में सबसे कम 13.6 इंच पानी गिरा है।

भारी बारिश के कारण भोपाल के भदभदा, कलियासोत, बरगी, बाणसागर, गोपीकृष्ण समेत कई बांध लबालब हो चुके हैं। इंदिरा सागर, गांधी सागर, बाण सागर, बारना, कोलार, महान, राजघाट, बरगी, ओंकारेश्वर, जौहिला, कुंडालिया आदि बांधों में भी 90 प्रतिशत तक जलभराव है। नर्मदा, मंदाकिनी समेत कई नदियां उफान पर चल रही हैं।

इस बार मानसून 9 दिन देरी से 24 जून को पहुंचा था और अगले नौ दिन में पूरे प्रदेश को कवर कर लिया। जून में 30 प्रतिशत कमी रही, लेकिन जुलाई के पहले सप्ताह में आंकड़ा प्लस 8 प्रतिशत पर आ गया। दूसरे सप्ताह मानसून कमजोर रहा, तीसरे सप्ताह 3.3 इंच और चौथे सप्ताह में भारी बारिश दर्ज हुई। अगस्त के दूसरे सप्ताह से भारी बारिश का दौर शुरू हुआ जो सितंबर के पहले सप्ताह तक जारी रहा।

पूर्वी हिस्से के जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल संभाग में 1 प्रतिशत तक कम बारिश हुई। बालाघाट, डिंडौरी, छिंदवाड़ा, दमोह, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, पांढुर्णा, रीवा, सागर, सिवनी में 1 से 22 प्रतिशत तक कमी रही। पिछले एक सप्ताह में बाढ़ जैसे हालात से आंकड़ों में सुधार आया। पश्चिमी हिस्से के आगर-मालवा, आलीराजपुर, अशोकनगर, बैतूल, देवास, धार, हरदा, इंदौर, झाबुआ, खंडवा, मंदसौर, मुरैना, नर्मदापुरम, नीमच, बड़वानी, रायसेन, रतलाम, सीहोर, शाजापुर, उज्जैन, विदिशा में 2 से 53 प्रतिशत कम पानी गिरा। अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मंडला, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर, शिवपुरी में औसत से अधिक बारिश दर्ज हुई।

मौसम विशेषज्ञ शैलेंद्र कुमार नायक ने बताया कि पूर्वी के बाद पश्चिमी हिस्से में तेज बारिश से आंकड़ों में काफी सुधार हुआ है। आने वाले दिनों में प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है।

Ravi Yadav