राहुल गांधी का BJP पर आरोप: बंगाल-असम में जनमत की चोरी

· 1 min read

राहुल गांधी का BJP पर बड़ा आरोप: 'बंगाल और असम में जनमत की चोरी हुई'

नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हालिया चुनावी नतीजों पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव परिणाम उसी 'प्लेबुक' का हिस्सा हैं, जिसका इस्तेमाल मध्य प्रदेश में भी किया गया था।

'संस्थाओं की मदद से लोकतंत्र को बंधक बनाया'

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश की संस्थाओं, विशेषकर चुनाव आयोग की मदद से लोकतंत्र का गला घोंटा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 100 से अधिक सीटों पर जनादेश की चोरी हुई है। मध्य प्रदेश में जिस तरह चुनी हुई सरकार और जनमत को दरकिनार किया गया, वही खेल अब चुनाव आयोग की शह पर इन राज्यों में दोहराया जा रहा है।

मध्य प्रदेश का विशेष उल्लेख

राहुल गांधी ने अपने ट्वीट में विशेष रूप से मध्य प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां जनता के वोट और लोकतांत्रिक संस्थाओं की मर्यादा को ताक पर रखकर सत्ता का 'अपहरण' किया गया था, अब वही मॉडल चुनावों को जीतने के लिए इस्तेमाल हो रहा है।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा पहले चुनाव आयोग के जरिए मतदाता सूचियों और वोटिंग प्रक्रिया को प्रभावित करती है और फिर जहां हारती है, वहां 'हॉर्स ट्रेडिंग' या दबाव की राजनीति का सहारा लेती है। राहुल ने आगाह किया कि यदि संस्थाओं की यह 'चोरी' नहीं रुकी, तो देश में चुनाव का कोई अर्थ नहीं रह जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि असम और बंगाल चुनाव चोरी के स्पष्ट मामले हैं, जिसे भाजपा ने चुनाव आयोग के समर्थन से अंजाम दिया है। उन्होंने ममता बनर्जी की बात का समर्थन करते हुए कहा कि बंगाल में 100 से ज्यादा सीटें चुराई गईं। उन्होंने इसे 'चुनाव चोरी, संस्था चोरी' करार दिया।

Janmejay Chaturvedi