मध्य प्रदेश की राजनीति एक बार फिर राज्यसभा की तीसरी सीट को लेकर निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिख रही है,जहां हॉर्स ट्रेडिंग, क्रॉस वोटिंग और विधायकों की पोजिशनिंग जैसे कारक चुनावी परिणाम को पूरी तरह प्रभावित करने की स्थिति में हैं..यह मुकाबला अब केवल संख्या बल का नहीं रह गया है,बल्कि राजनीतिक रणनीति,आंतरिक असंतोष और संभावित राजनीतिक समीकरणों के पुनर्गठन का केंद्र बन चुका है..यदि कांग्रेस को इस चुनाव में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलता है और उसे “जोर का झटका धीरे से” महसूस होता है, तो यह केवल एक चुनावी हार नहीं होगी,बल्कि संगठनात्मक स्तर पर गंभीर पुनर्विचार की स्थिति पैदा कर सकती है..ऐसी स्थिति में पार्टी को अपनी रणनीति और नेतृत्व संरचना तक पर नए सिरे से विचार करने की मजबूरी बन सकती है,चाहे उसमें नेतृत्व के चेहरे पर बदलाव की चर्चा ही क्यों न उठे. वहीं दूसरी ओर भाजपा ने जिस आत्मविश्वास के साथ तीसरी सीट पर अपने प्रत्याशी को मैदान में उतारा है,उसके लिए यह चुनाव अब प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है..पार्टी के लिए पीछे लौटने या रणनीति बदलने की कोई गुंजाइश नहीं बची है,क्योंकि यह दांव अब सीधे राजनीतिक साख से जुड़ गया है..इस पूरे समीकरण में “साम, दाम, दंड, भेद” जैसी राजनीतिक रणनीतियों की चर्चाएं भी तेज हैं,जिनके बीच विधायकों की पोजिशनिंग और संभावित क्रॉस वोटिंग की आशंका चुनाव को और अधिक जटिल और रोचक बना रही है..यही कारण है कि हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों ने इस चुनाव को केवल एक संसदीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश की सियासत का सबसे रोचक और संवेदनशील मुकाबला बना दिया है. कसौटी पर साख..तो संकट भी भरोसे का बॉक्स 1 कांग्रेस के खिलाफ भाजपा का तीसरी सीट पर उम्मीदवार महेश केवट के नामांकन दाखिल करने से रणनीतिकारों और नेतृत्वकर्ताओं की साख कसौटी पर..क्योंकि अब विधायकों की पोजिशनिंग का महत्व बढ़ गया है..मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट को लेकर सियासी हलचल अब केवल संख्या बल या घोषित समर्थन तक सीमित नहीं रह गई है..बल्कि यह विधायकों के पिछले यानि राष्ट्रपति के चुनाव में मतदान व्यवहार और राजनीतिक इतिहास तक पहुंच गई है..विधानसभा के 228 प्रभावी विधायकों में भाजपा के पास स्पष्ट बढ़त होने के बावजूद असली निगरानी उन कांग्रेस के चेहरों पर है जिनका मतदान व्यवहार पहले भी असामान्य या पार्टी लाइन से अलग माना जाता रहा है..राजनीतिक हलकों में यह चर्चा फिर तेज है कि कुछ कांग्रेस के खेमे में विधायक ऐसे हैं जो पहले राष्ट्रपति चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग के संकेतों के घेरे में आ चुके हैं..उस समय मतदान गोपनीय होता है लेकिन आंतरिक स्तर पर कांग्रेस पार्टी नेतृत्व ने कुछ विधायकों को लेकर संदेह और समीक्षा की स्थिति स्वीकार की थी..इसी अनुभव के कारण इस बार राज्यसभा चुनाव में सतर्कता और अधिक बढ़ गई है..क्योंकि यहां प्रक्रिया भले गोपनीय हो लेकिन ऑब्जर्वर की मौजूदगी और वोटिंग की निगरानी के चलते पार्टी लाइन से विचलन करना अपेक्षाकृत कठिन माना जाता है..सूत्रों के अनुसार खरगोन और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े कुछ विधायकों के नाम उस समय भी चर्चा में आए थे जब राष्ट्रपति चुनाव के दौरान मतदान व्यवहार को लेकर सवाल उठे थे..इसके बाद से ही पार्टी स्तर पर ऐसे विधायकों की लगातार राजनीतिक मैपिंग की जाती रही है ताकि भविष्य में किसी भी अप्रत्याशित स्थिति को रोका जा सके...इसके साथ ही ऑपरेशन लोटस की चर्चाएं भी एक बार फिर राजनीतिक विमर्श में लौट आई हैं..उस दौर में विधायकों के संभावित टूट और दलबदल की संभावनाओं ने दोनों दलों को गहराई से सतर्क कर दिया था..यही अनुभव आज राज्यसभा चुनाव की रणनीति में भी दिखाई देता है जहां केवल सार्वजनिक बयान नहीं बल्कि निजी संपर्क,पिछले वोटिंग पैटर्न और राजनीतिक झुकाव तक पर नजर रखी जा रही है..कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल यह समझते हैं कि इस बार मुकाबला केवल पार्टी संख्या का नहीं बल्कि उन संभावित विचलित वोटों का भी है जो पहले भी राजनीतिक संदेश का हिस्सा बन चुके हैं..यही कारण है कि नाम वापसी के बाद 11 जून से 18 जून के बीच की अवधि को निर्णायक माना जा रहा है क्योंकि इसी दौरान विधायकों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है..कांग्रेस के भीतर नेतृत्व संतुलन और असंतोष भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है.. कुछ विधायक स्वयं को निर्णय प्रक्रिया से दूर या उपेक्षित महसूस करते हैं जिससे उनकी राजनीतिक स्थिति को लेकर सवाल उठते हैं..कुछ ऐसे विधायक भी बताए जाते हैं जिन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास की चिंता है और वे विपक्ष में रहते यह काम नहीं कर पा रहे..क्षेत्र के लिए विशेष पैकेज और अगले चुनाव में टिकट की गारंटी जैसे मुद्दे ऐसे विधायकों के रुख को प्रभावित कर सकते हैं..ऐसे में पुराने क्रॉस वोटिंग पैटर्न और वर्तमान असंतोष मिलकर इस चुनाव को और अधिक संवेदनशील बना देते हैं..राज्यसभा चुनाव अब केवल मतदान नहीं बल्कि राजनीतिक भरोसे और विधायकों की निष्ठा की सख्त परीक्षा बन चुका है जिसमें हर वोट का इतिहास और वर्तमान दोनों ही मायने रखते हैं.. बॉक्स 2 नामांकन के साथ तेज हुआ सत्ता-संग्राम भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पसंद माने जा रहे महेश केवट ने वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया..मुख्यमंत्री सहित प्रदेश भाजपा नेतृत्व की सक्रिय उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि पार्टी इस चुनाव को पूरी गंभीरता और रणनीतिक महत्व के साथ लड़ रही है..भाजपा का दावा है कि उसके पास पर्याप्त संख्या बल मौजूद है और अतिरिक्त आवश्यक वोटों की व्यवस्था संगठन स्तर पर सुनिश्चित की जा रही है..पार्टी इस सीट को अपनी राजनीतिक मजबूती और नेतृत्व क्षमता के प्रदर्शन के रूप में देख रही है..दूसरी ओर कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को मैदान में उतारकर मुकाबले को प्रतिष्ठात्मक बना दिया है..नामांकन के समय दिग्गज नेताओं की उपस्थिति ने यह संकेत दिया कि कांग्रेस इस सीट को केवल चुनावी प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि राजनीतिक संदेश के रूप में देख रही है.. विधानसभा का गणित और वास्तविक चुनौती मध्य प्रदेश विधानसभा के मौजूदा समीकरण इस चुनाव की आधारशिला हैं,विधानसभा में कुल प्रभावी विधायक 228 हैं, जबकि एक राज्यसभा सीट के लिए 58 वोटों की आवश्यकता होती है, भाजपा के पास 164 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास 64 विधायक हैं.. गणितीय रूप से भाजपा पहले ही दो सीटों पर मजबूत स्थिति में है, लेकिन तीसरी सीट का समीकरण अतिरिक्त वोटों और ट्रांसफर वैल्यू पर निर्भर करता है.. राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इस सीट के लिए लगभग 10 वोटों का अंतर निर्णायक भूमिका निभा सकता है, यही वह क्षेत्र है जहां क्रॉस वोटिंग की संभावना सबसे अधिक चर्चा में है.. क्रॉस वोटिंग और हॉर्स ट्रेडिंग की राजनीतिक छाया इस चुनाव में सबसे बड़ा अनिश्चित तत्व क्रॉस वोटिंग माना जा रहा है.. दोनों ही दल अपने विधायकों को लेकर सतर्क हैं और अंदरूनी स्तर पर निगरानी और संपर्क व्यवस्था को मजबूत किया गया है..कांग्रेस को आशंका है कि सीमित संख्या बल के कारण किसी भी स्तर पर टूट नुकसान पहुंचा सकती है, इसी कारण पार्टी अपने विधायकों को एकजुट रखने और संभावित असंतोष को नियंत्रित करने की रणनीति पर काम कर रही है..भाजपा का मानना है कि विपक्षी खेमे में असंतोष और मतभेद के कारण कुछ वोटों का झुकाव उसके पक्ष में हो सकता है..हालांकि दोनों दल सार्वजनिक रूप से इन संभावनाओं को नकारते हैं.. बॉक्स 3 मप्र के किन नेताओं के लिए..यह चुनाव क्यों महत्वपूर्ण यह चुनाव मध्य प्रदेश के कई प्रमुख नेताओं के राजनीतिक भविष्य और प्रभाव का संकेत माना जा रहा है..भाजपा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लिए यह चुनाव उनकी नेतृत्व क्षमता और संगठन पर पकड़ का बड़ा परीक्षण है, मंत्रिमंडल पुनर्गठन से पहले यह नया टास्क राज्यसभा की तीसरी सीट मुख्यमंत्री के लिए व्यक्तिगत तौर पर कुछ ज्यादा ही मायने रखता है.. यदि भाजपा यह सीट जीतती है तो यह माना जाएगा कि मुख्यमंत्री ने संगठन और विधायकों पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है और उनकी रणनीतिक नेतृत्व क्षमता को केंद्रीय नेतृत्व का समर्थन प्राप्त है,भाजपा के प्रदेश नेतृत्व के लिए यह चुनाव संगठनात्मक अनुशासन और आंतरिक समन्वय की परीक्षा है.. पार्टी के भीतर विभिन्न समूहों के बीच संतुलन बनाए रखते हुए जीत सुनिश्चित करना नेतृत्व की राजनीतिक क्षमता का प्रमाण होगा..कांग्रेस के लिए यह चुनाव प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, उनके लिए यह चुनाव यह तय करेगा कि वे अपने विधायकों को कितनी मजबूती से एकजुट रख सकते हैं,यदि किसी तरह की टूट होती है तो यह सीधे तौर पर उनके नेतृत्व पर सवाल खड़े करेगा..कांग्रेस से ज्यादा जीतू उमंग के लिए यह एक अवसर है तो चुनौती से भी इनकार नहीं किया जा सकता..दिग्विजय सिंह जैसे वरिष्ठ नेताओं के लिए यह चुनाव रणनीतिक अनुभव और राजनीतिक प्रभाव का परीक्षण है,उनकी सक्रिय भूमिका यह दर्शाती है कि पार्टी इस चुनाव को केवल संख्या नहीं बल्कि संगठनात्मक अस्तित्व के रूप में देख रही है, दिग्विजय सिंह उम्मीदवार बनाए जाने की मांग कर उनके समर्थक का इस्तीफा पार्टी के अंदर एक सवाल जरूर खड़ा कर चुका है..पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक कमलनाथ के लिए जो इस चुनाव के खुद वोटर है उनके सामने चुनौती अपने समर्थक विधायकों को मीनाक्षी के पीछे खड़ा करके दिखाएं..एक बार आवास से झंडा उतार जाने के घटनाक्रम के कारण उनकी क्रेडिबिलिटी भी कसौटी पर है. बॉक्स 4 राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका और अपेक्षाएं इस चुनाव में केवल राज्य नेतृत्व ही नहीं, बल्कि दोनों दलों का राष्ट्रीय नेतृत्व भी सक्रिय और सतर्क भूमिका में है..भाजपा के लिए केंद्रीय नेतृत्व की अपेक्षा यह है कि राज्य में संगठनात्मक नियंत्रण मजबूत बना रहे और किसी भी प्रकार की क्रॉस वोटिंग या अप्रत्याशित राजनीतिक स्थिति न उत्पन्न हो..राष्ट्रीय नेतृत्व यह सुनिश्चित करना चाहता है कि राज्यसभा जैसी प्रतिष्ठात्मक सीटों पर पार्टी की पकड़ कमजोर न हो.. कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के लिए यह चुनाव संगठनात्मक एकजुटता और राजनीतिक संदेश दोनों का विषय है,पार्टी यह दिखाना चाहती है कि सीमित संख्या बल के बावजूद वह मजबूत राजनीतिक मुकाबला देने की स्थिति में है..साथ ही राष्ट्रीय नेतृत्व की नजर इस बात पर भी है कि राज्य स्तर पर अनुशासन और एकजुटता बनी रहे..दोनों दलों के लिए यह चुनाव एक प्रकार का “संदेश चुनाव” बन गया है, जिसमें जीत केवल सीट नहीं, बल्कि राजनीतिक नियंत्रण का संकेत है.. बॉक्स 5 यदि भाजपा यह सीट कांग्रेस से छीन लेती है तो क्या बदलेगा यदि भाजपा इस तीसरी सीट पर जीत दर्ज करती है,तो इसका असर मध्य प्रदेश की राजनीति पर व्यापक रूप से पड़ेगा..सबसे पहले यह संदेश जाएगा कि भाजपा न केवल संख्या बल में मजबूत है,बल्कि वह राजनीतिक प्रबंधन और क्रॉस वोटिंग जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी प्रभावी नियंत्रण रखती है..यह मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व को और मजबूत करेगा और उनकी राजनीतिक स्थिति को केंद्रीय नेतृत्व के भीतर और अधिक सुदृढ़ बनाएगा..दूसरा बड़ा असर कांग्रेस पर पड़ेगा,यदि पार्टी यह सीट खो देती है तो यह केवल एक चुनावी हार नहीं होगी, बल्कि संगठनात्मक कमजोरी और विधायकों पर नियंत्रण की चुनौती के रूप में देखा जाएगा.. इससे राज्य नेतृत्व पर दबाव बढ़ेगा और आंतरिक पुनर्गठन की मांग भी तेज हो सकती है.. तीसरा प्रभाव मध्य प्रदेश की राजनीतिक दिशा पर होगा..भाजपा यदि यह सीट जीतती है तो राज्य में उसका राजनीतिक प्रभुत्व और मजबूत माना जाएगा, जिससे आने वाले समय में स्थानीय निकाय, विधानसभा और उपचुनावों की रणनीति भी अधिक आक्रामक हो सकती है,कांग्रेस के लिए यह संकेत होगा कि उसे अपने संगठनात्मक ढांचे और विधायकों के साथ संवाद प्रणाली को और मजबूत करना होगा.. बॉक्स 6 असंभव नहीं लेकिन आसान भी नहीं: ऑपरेशन थर्ड आई स्लग—कांग्रेस का डैमेज कंट्रोल और बीजेपी के लिए राज्यसभा की तीसरी सीट पर चुनाव और उसके दूरगामी संदेश मध्य प्रदेश की राजनीति में राज्यसभा की तीसरी सीट को लेकर भाजपा की रणनीति को जिस तरह से देखा जा रहा है, उसमें यह साफ झलकता है कि यह न तो पूरी तरह असंभव है और न ही बिल्कुल आसान..यही वजह है कि इसे “असंभव नहीं लेकिन आसान भी नहीं” की राजनीतिक स्थिति के रूप में परिभाषित किया जा रहा है..ट्रैक रिकॉर्ड और नजर डालें तो कांग्रेस के लिए डैमेज कंट्रोल एक बड़ी चुनौती बनकर सामने है..भाजपा वही दल है जिसने कमलनाथ सरकार के दौरान चर्चित “ऑपरेशन लोटस” के जरिए ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके समर्थकों के साथ मिलकर सत्ता परिवर्तन की निर्णायक पटकथा लिखी थी,उस राजनीतिक घटनाक्रम ने मध्य प्रदेश की सत्ता का संतुलन पूरी तरह बदल दिया था और शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में भाजपा की सत्ता वापसी सुनिश्चित हुई थी..अपना सिर्फ राजनीतिक पर दृश्य बदला है बल्कि भाजपा की मोहन सरकार है और अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं.. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में नई सरकार कार्य कर रही है और उन्हें केंद्रीय नेतृत्व का स्पष्ट समर्थन प्राप्त है..प्रदेश संगठन में भी नेतृत्व की भूमिकाएं पुनर्गठित हो चुकी हैं.. प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री मोहन यादव की जोड़ी को दिल्ली नेतृत्व, विशेषकर अमित शाह और केंद्रीय रणनीतिक टीम का पूरा भरोसा प्राप्त है..इसी भरोसे और समन्वय का परिणाम है कि राज्यसभा की तीसरी सीट पर उम्मीदवार उतारने का निर्णय किसी तात्कालिक या भावनात्मक कदम के रूप में नहीं, बल्कि एक सुनियोजित और दीर्घकालिक राजनीतिक रणनीति के रूप में देखा जा रहा है..यह रणनीति केवल सीट जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए कांग्रेस को राजनीतिक रूप से दबाव में रखने और आगामी चुनावी समीकरणों को प्रभावित करने का लक्ष्य भी जुड़ा हुआ है. “ऑपरेशन थर्ड आई” इसी रणनीति का प्रतीक बनकर उभरा है,जहां तीसरी नजर के रूप में न केवल प्रदेश नेतृत्व बल्कि राष्ट्रीय नेतृत्व की निगरानी भी इस पूरे चुनाव पर टिकी हुई है.. भाजपा के लिए यह अतिरिक्त विधायकों का समर्थन जुटाने की क्षमता का परीक्षण है, जो उसकी संगठनात्मक मजबूती और रणनीतिक नियंत्रण को दर्शाएगा..कुल मिलाकर यह मुकाबला केवल एक राज्यसभा सीट का नहीं है, बल्कि यह मध्य प्रदेश की राजनीति में शक्ति संतुलन, नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक अनुशासन की वास्तविक परीक्षा बन चुका है, जहां भाजपा के लिए स्थिति “असंभव नहीं लेकिन आसान भी नहीं” के बीच संतुलित दिखाई देती है. सियासी संदेश और निष्कर्ष राज्यसभा की तीसरी सीट अब केवल एक संसदीय प्रतिनिधित्व का प्रश्न नहीं रही,बल्कि यह मध्य प्रदेश की राजनीति में शक्ति संतुलन,नेतृत्व क्षमता और संगठनात्मक मजबूती की परीक्षा बन चुकी है,आंकड़े भले ही कांग्रेस के मजबूत लेकिन भाजपा के पक्ष में झुके हुए दिखते हों,ऐसे में क्रॉस वोटिंग और राजनीतिक असंतोष जैसे कारक इसे अप्रत्याशित बनाए हुए हैं..18 जून को अंतिम तस्वीर साफ होगी, तभी यह स्पष्ट होगा कि यह मुकाबला केवल संख्या का था या फिर मध्य प्रदेश की राजनीति के भीतर बदलते शक्ति समीकरणों का संकेत.. दो दशक की राजनीति में कांग्रेस कई बार ऐसे संकट से गुजरी है जब उसके अपने पार्टी के विधायक बगावत कर गए..
राज्यसभा संग्राम..तीसरी सीट..हॉर्स ट्रेडिंग और क्रॉस वोटिंग पर घमासान..क्या मप्र कांग्रेस को लगेगा..जोर का झटका धीरे से ..कांग्रेस दिग्गजों के गढ़ में सेंधमारी..या असंतोष भारी .. सवाल दर सवाल ..राकेश अग्निहोत्री