राम मंदिर चढ़ावा चोरी में चंपत राय और अनिल मिश्रा पर विनय कटियार ने उठाए सवाल

· 1 min read
राम मंदिर चढ़ावा चोरी में चंपत राय और अनिल मिश्रा पर विनय कटियार ने उठाए सवाल

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में जांच जारी, विनय कटियार ने जताई चंपत राय और अनिल मिश्रा पर जेल जाने की आशंका

अयोध्या राम मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी के मामले में भाजपा नेता विनय कटियार ने शुक्रवार को दावा किया कि यह स्पष्ट है कि पैसों का गबन हुआ है। उन्होंने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा और आमंत्रित ट्रस्ट सदस्य गोपाल राव के जेल जाने की आशंका जताई है। कटियार ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रात 2 बजे बातचीत की थी, जिसमें पीएम ने उनसे पूछा था कि क्या-क्या होगा। कटियार ने पीएम को आश्वासन दिया कि सब ठीक हो जाएगा।

जांच टीम पहुंची मंदिर, आरोपी से पूछताछ जारी

वहीं, इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) दूसरे दिन भी मंदिर परिसर में मौजूद है। सूत्रों के अनुसार, टीम गोपाल राव से पूछताछ कर रही है। दूसरी ओर, मुख्य आरोपी अविनाश शुक्ला को पुलिस ने 24 घंटे की रिमांड पर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार सुबह उसे अयोध्या जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पुलिस लाइन में कड़ी पूछताछ की और फिर उसे लेकर प्रतापगढ़ रवाना हो गई।

चोरी के पैसों से खरीदे गए वाहन और गहने

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अविनाश ने चढ़ावे की चोरी से प्राप्त पैसों से एक मोटरसाइकिल खरीदी थी, जिसे बरामद करने के लिए पुलिस उसे उसके घर प्रतापगढ़ ले गई है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि अविनाश ने चढ़ावे में मिले सोने-चांदी के जेवर और नकदी को ठिकाने लगा दिया है। पुलिस उसकी निशानदेही पर उन जगहों पर भी जा सकती है जहां उसने माल छिपाया है। अविनाश, जो प्रतापगढ़ का रहने वाला है, चढ़ावे की गिनती का काम करता था और अयोध्या में किराए के मकान में रहता था। उसके कमरे से ₹20 लाख नकद, 1,000 डॉलर, गहने और 'रामराज्य कोष' लिखा एक बक्सा बरामद हुआ था।

आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाने की तैयारी

दूसरी ओर, अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने चढ़ावा चोरी के आरोपी लवकुश मिश्रा और अनुकल्प मिश्रा के नए निर्मित मकानों पर बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली है। ADA ने लवकुश की पत्नी सुप्रिया मिश्रा को नोटिस भी जारी किया है। हालांकि, सुप्रिया मिश्रा का कहना है कि उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है और उनके मकान का नक्शा पास है। उन्होंने कामना की है कि उनके पति जल्द घर लौट आएं और उन्हें कोई नुकसान न हो।

Bhavanesh Soni