RCB का बड़ा फैसला: भगदड़ पीड़ितों के लिए मेमोरियल, परिवारों को सहयोग का वादा

RCB बनाएगी मेमोरियल, जारी किया 6 पॉइंट्स का मैनिफेस्टो

· 1 min read
RCB का बड़ा फैसला: भगदड़ पीड़ितों के लिए मेमोरियल, परिवारों को सहयोग का वादा
बेंगलुरु भगदड़ केस में बढ़ेगी RCB की मुश्किलें

RCB बनाएगी मेमोरियल, जारी किया 6 पॉइंट्स का मैनिफेस्टो

बेंगलुरु: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने विजय जुलूस के दौरान हुई भगदड़ में जान गंवाने वाले फैंस की याद में एक स्थायी मेमोरियल बनाने का फैसला किया है। इसमें उन फैंस के नाम, कहानियां और उनसे जुड़ी यादों को संजोकर रखा जाएगा।

फ्रेंचाइजी ने सोमवार को अपने 6 पॉइंट्स वाले मैनिफेस्टो में इस पहल का ऐलान किया। ‘RCB Cares’ नाम की इस योजना के तहत टीम ने कहा कि अब वह सिर्फ आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्रभावित परिवारों और फैंस की याद को हमेशा जीवित रखने के लिए कदम उठाएगी।

दो दिन पहले ही RCB ने हादसे में मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 25-25 लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की थी।

हादसा कैसे हुआ था?

4 जून को पहली बार IPL खिताब जीतने के बाद RCB ने बेंगलुरु में विजय परेड निकाली थी। इस दौरान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मृतकों में ज्यादातर युवा थे, जिनकी उम्र 20 से 30 साल के बीच थी। सबसे कम उम्र की पीड़िता मात्र 13 साल की दिव्यांशी थी।

RCB का 6 पॉइंट्स मैनिफेस्टो

  1. प्रभावित परिवारों को पारदर्शी और मानवीय सहायता उपलब्ध कराना।
  2. स्टेडियम अथॉरिटी और स्पोर्टिंग बॉडीज के साथ मिलकर बेहतर क्राउड मैनेजमेंट प्रोटोकॉल बनाना।
  3. ग्रामीण विकास के लिए सोशल प्रोग्राम चलाना, जिसकी शुरुआत सिद्दी समुदाय से होगी।
  4. हर साल फैन सेफ्टी ऑडिट करना और ऑन-ग्राउंड पार्टनर्स को ट्रेनिंग देना।
  5. बेंगलुरु में एक स्थायी मेमोरियल तैयार करना, जिसमें फैंस की यादों को संजोया जाएगा।
  6. स्थानीय प्रतिभाओं को खेल में अवसर और रोजगार दिलाने की पहल करना।

सरकार ने RCB को ठहराया था जिम्मेदार

इससे पहले, कर्नाटक सरकार की जांच रिपोर्ट (17 जुलाई) में RCB को इस हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराया गया था। रिपोर्ट में कहा गया था कि टीम ने विजय परेड के लिए अनुमति नहीं ली थी। हालांकि, सरकार ने यह भी माना कि आयोजन को अचानक रद्द करने पर स्थिति और बिगड़ सकती थी।