रक्सौल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जनसभा आदापुर भवनहरि के खेल स्टेडियम में दोपहर 12 बजे आयोजित होगी। इस सीट से भारतीय जनता पार्टी ने प्रमोद कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है।
जनसभा में BJP और NDA के पक्ष में अपील
योगी आदित्यनाथ अपने संबोधन के दौरान जनता से भाजपा और एनडीए को समर्थन देने की अपील करेंगे। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में एनडीए समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जनसभा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। रक्सौल क्षेत्र भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाका होने के कारण अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की टीमें तैनात हैं। साथ ही आने-जाने वाले मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यकर्ताओं की तैयारी
भाजपा कार्यकर्ता इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तरह से जुटे हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल पर लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
सीतामढ़ी में योगी आदित्यनाथ ने की थी सभा
इससे पहले, गुरुवार को योगी आदित्यनाथ ने सीतामढ़ी के परिहार प्रखंड के कोईरिया पिपरा गांव में चुनावी सभा को संबोधित किया था। उन्होंने एनडीए प्रत्याशी गायत्री देवी के समर्थन में वोट मांगे और कांग्रेस व राजद पर निशाना साधा।
Satyam Tripathi