सीएम डॉ. मोहन यादव ने सागर में लाड़ली बहना योजना की 1835 करोड़ की किस्त जारी की।

· 1 min read
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सागर में लाड़ली बहना योजना की 1835 करोड़ की किस्त जारी की।

सागर पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव: 'लाड़ली बहना' के खातों में ट्रांसफर किए 1835 करोड़; केसली में 190 करोड़ दी सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को सागर जिले की देवरी विधानसभा के केसली पहुंचे। दोपहर 2:20 बजे मुख्य कार्यक्रम स्थल पर आकर सीएम ने 'लाड़ली बहना योजना' की किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 1.25 करोड़ बहनों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के जरिए 1835 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने देवरी और केसली क्षेत्र को 190 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले कुल 53 विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी।

मुख्यमंत्री रविवार दोपहर भोपाल स्थित स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर दोपहर 2:10 बजे केसली में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचे। इसके बाद वे सीधे कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए। इससे पहले प्रशासन द्वारा उनके पहुंचने का समय दोपहर 1:45 बजे तय किया गया था। केसली में आयोजित कार्यक्रम संपन्न करने के बाद दोपहर 3:25 बजे वे वापस भोपाल के लिए उड़ान भरेंगे।

53 प्रोजेक्ट्स में 28 का भूमिपूजन और 25 का लोकार्पण

योजना की राशि जारी करने के साथ ही मुख्यमंत्री ने देवरी विधानसभा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं की नींव रखी। कार्यक्रम में कुल 53 विकास कार्यों की सौगात दी गई, जिसमें 122.02 करोड़ रुपए की लागत के 28 नए कार्यों का भूमिपूजन किया गया। वहीं, 68.83 करोड़ रुपए की लागत से पूरी हो चुकीं 25 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को सौंप दिया गया।

देवरी और केसली में बढ़ेंगी बुनियादी सुविधाएं

इन करोड़ों रुपए के विकास कार्यों के शुरू होने से देवरी और केसली विकासखंड के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी अधोसंरचना का तेजी से विस्तार होगा। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इन स्वीकृत प्रोजेक्ट्स के जरिए क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सड़कें, पानी सहित अन्य जनसुविधाएं और आवश्यक सेवाएं आसानी से उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

Navjeet Kaur