प्रशांत किशोर की सीमांचल में अपील, BJP और RJD पर हमला
बिहार चुनाव के मद्देनजर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर का प्रचार अभियान तेज हो गया है। सोमवार को कटिहार में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने सीमांचल के मुसलमानों से अपील की कि वे भाजपा से नहीं, बल्कि अल्लाह से डरें और अपने हक के लिए खड़े हों।
प्रशांत किशोर ने आरजेडी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि "लालटेन में किरासन तेल जलाकर लालूजी के घर रोशनी होगी, लेकिन आपके बच्चों का भविष्य अंधेरे में रहेगा।" उन्होंने छठ पर्व पर बिहार लौटे प्रवासियों से भी अपील की कि वे जन सुराज के चुनाव चिन्ह 'बस्ता' पर वोट करें और अपने गांव में ही रोजगार के लिए काम करें।
प्रशांत किशोर ने कटिहार के कदवा, प्राणपुर और बलरामपुर क्षेत्रों में रोड शो किया और लोगों से जनसंपर्क साधा। उन्होंने प्राणपुर के सालमारी चौक और बारसोई के रास चौक सहित कई स्थानों पर जन सुराज के प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। जन सुराज के प्रत्याशी बलरामपुर से अशाब आलम और प्राणपुर से सोनू सिंह निषाद हैं।
इससे पहले पूर्णिया में प्रशांत किशोर के काफिले को पुलिस ने रोककर गाड़ियों की चेकिंग की थी। हालांकि, थोड़ी देर बाद काफिला फिर रवाना हो गया। बताया जा रहा है कि छठ के बाद जन सुराज का प्रचार और तेज होगा।
Sachin Saxena