सिंहस्थ 2028 के लिए उज्जैन में मॉड्यूलर टॉयलेट्स का प्रदर्शन
उज्जैन स्मार्ट सिटी ने सिंहस्थ 2028 की तैयारी के लिए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुधारने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। इसी पहल के तहत कार्तिक मेले में मॉड्यूलर टॉयलेट्स का प्रदर्शन किया जा रहा है।
6 कंपनियों ने दिखाए 36 मॉडल
सिंहस्थ के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के उज्जैन आने की संभावना है। इस आयोजन को ध्यान में रखते हुए शहर में एक लाख से अधिक मॉड्यूलर टॉयलेट्स लगाने की योजना बनाई गई है। तैयारियों को परखने के लिए कार्तिक मेले में 36 मॉड्यूलर टॉयलेट्स लगाए गए हैं, जिनमें देशभर की 6 कंपनियों ने अपने अलग-अलग मॉडल प्रदर्शित किए हैं।
विशेषज्ञ समिति करेगी मूल्यांकन
स्मार्ट सिटी ने पहले ईओआई (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) जारी कर संभावित आपूर्तिकर्ताओं से उनकी तकनीकी क्षमता और रुचि की जानकारी जुटाई थी। विशेषज्ञ समिति मेले के अंत में इन टॉयलेट्स के डिजाइन, सफाई की व्यवस्था और उपयोगिता का मूल्यांकन करेगी। समिति की रिपोर्ट के आधार पर सिंहस्थ 2028 के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे।
निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया कि यह पहल स्वच्छता प्रबंधन को आधुनिक बनाएगी और करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
Vivek Singh