रतलाम के सिद्धार्थ मेहता बने डिप्टी कलेक्टर
मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने शनिवार रात राज्य सेवा परीक्षा 2023 का फाइनल परिणाम जारी किया। रतलाम जिले की रावटी ग्राम पंचायत के 28 वर्षीय सिद्धार्थ मेहता ने इस परीक्षा में 17वीं रैंक हासिल कर डिप्टी कलेक्टर पद के लिए चयनित हुए हैं। उन्होंने मेरिट में टॉप-20 में जगह बनाई।
गांव में खुशी का माहौल
सिद्धार्थ के चयन की खबर मिलते ही उनके गांव में खुशी का माहौल हो गया। उनके घर के बाहर आतिशबाजी की गई और ग्रामीणों ने उनके परिवार को बधाई दी। सिद्धार्थ के पिता शांतिलाल मेहता गांव में किराना दुकान चलाते हैं। सिद्धार्थ पढ़ाई के साथ दुकान संभालने में मदद करते थे। उनकी मां ज्योति गृहणी हैं और बड़े भाई श्रेयांस भी पिता के साथ दुकान पर काम करते हैं।
6ठीं बार में मिली सफलता
सिद्धार्थ ने 8वीं तक पढ़ाई गांव के स्कूल में की और 10वीं से 12वीं की पढ़ाई रतलाम के प्राइवेट स्कूल से पूरी की। उन्होंने बीकॉम किया और शुरूआती 2 साल इंदौर में रहकर सिविल सर्विस की तैयारी की। इसके बाद उन्होंने घर से ही पढ़ाई जारी रखी। यह उनका छठा प्रयास था, जिसमें वे सफल हुए। मैन्स परीक्षा में उन्हें 684 अंक और इंटरव्यू में 141 अंक मिले, कुल मिलाकर उन्होंने 825 अंक प्राप्त किए।
बचपन से था प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना
सिद्धार्थ ने बताया कि उनका बचपन से प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना था। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से इसे हकीकत में बदल दिया। बेटे की सफलता से उनके माता-पिता और परिजनों में खुशी का माहौल है।
Sachin Saxena