सिंपल वन जेन-2 लॉन्च, शुरुआती कीमत ₹1.40 लाख
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर स्टार्टअप सिंपल एनर्जी ने अपने इलेक्ट्रिक स्कूटर सिंपल वन का जेन-2 संस्करण लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि नए मॉडल में डिजाइन, परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर के मामले में महत्वपूर्ण सुधार किए गए हैं। इसके साथ ही कंपनी ने ग्राहकों के भरोसे को मजबूत करने के लिए स्कूटर पर लाइफ-टाइम वारंटी की घोषणा भी की है।
अल्ट्रा वैरिएंट की 400 किलोमीटर तक की IDC रेंज
सिंपल एनर्जी ने जेन-2 के साथ नया 'सिंपल वन अल्ट्रा' वैरिएंट भी पेश किया है। इस वैरिएंट में 6.5kWh की बड़ी बैटरी दी गई है, जिसकी IDC (इंडियन ड्राइव साइकिल) रेंज 400 किलोमीटर बताई गई है। कंपनी के अनुसार यह स्कूटर 0 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार 2.77 सेकेंड में पकड़ सकता है। हालांकि, इस टॉप वैरिएंट की कीमतों का खुलासा अभी नहीं किया गया है।
कीमतें और बैटरी पैक विकल्प
सिंपल वन जेन-2 की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत बेंगलुरु में 1.40 लाख रुपए रखी गई है। कंपनी ने अलग-अलग बजट और जरूरतों के अनुसार तीन मुख्य बैटरी पैक के साथ कई वैरिएंट पेश किए हैं।
सिंपल वन S वैरिएंट में 3.7kWh की बैटरी दी गई है, जिसकी IDC रेंज 190 किलोमीटर है और इसकी शुरुआती कीमत 1.40 लाख रुपए है। स्टैंडर्ड सिंपल वन वैरिएंट में 4.5kWh बैटरी के साथ 236 किलोमीटर की IDC रेंज मिलती है, जिसकी शुरुआती कीमत 1.70 लाख रुपए रखी गई है। इसके अलावा 5.0kWh बैटरी वाला सिंपल वन वैरिएंट 265 किलोमीटर की IDC रेंज के साथ 1.78 लाख रुपए की शुरुआती कीमत पर उपलब्ध होगा। 6.5kWh बैटरी और 400 किलोमीटर IDC रेंज वाला सिंपल वन अल्ट्रा वैरिएंट जल्द बाजार में आएगा।
परफॉर्मेंस और राइडिंग कम्फर्ट में सुधार
कंपनी ने जेन-2 मॉडल के स्ट्रक्चर में बदलाव किए हैं ताकि राइडिंग अनुभव पहले से ज्यादा स्मूद हो सके। परफॉर्मेंस के मोर्चे पर भी सुधार किया गया है और अब इस स्कूटर की टॉप स्पीड 115 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई है। सीट की ऊंचाई में भी 16 मिलीमीटर की कमी की गई है, जिससे राइडिंग कम्फर्ट बेहतर होने की उम्मीद है।
स्मार्ट फीचर्स और SimpleOS
नया सिंपल वन जेन-2 स्कूटर कंपनी के अपने ऑपरेटिंग सिस्टम SimpleOS पर चलता है। इसमें कई हाई-टेक और स्मार्ट फीचर्स जोड़े गए हैं, साथ ही नए राइडिंग मोड्स भी दिए गए हैं। इन फीचर्स का उद्देश्य उपयोगकर्ता अनुभव को बेहतर बनाना और स्कूटर की उपयोगिता बढ़ाना है।
IDC रेंज और वास्तविक रेंज में अंतर
IDC रेंज लैब की नियंत्रित परिस्थितियों में मापी जाती है, जबकि वास्तविक सड़कों पर मिलने वाली रेंज आमतौर पर इससे 15 से 20 प्रतिशत कम होती है। इस आधार पर 400 किलोमीटर IDC रेंज वाला सिंपल वन अल्ट्रा वास्तविक उपयोग में लगभग 320 से 330 किलोमीटर की रेंज दे सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यदि किसी उपयोगकर्ता की रोजाना की यात्रा 50 से 60 किलोमीटर के बीच है, तो 3.7kWh बैटरी वाला बेस मॉडल पर्याप्त हो सकता है। वहीं जो उपयोगकर्ता बार-बार चार्जिंग से बचना चाहते हैं या इंटर-सिटी यात्रा जैसे गुड़गांव से दिल्ली आदि करते हैं, उनके लिए 5kWh बैटरी वाला वैरिएंट बेहतर निवेश माना जा रहा है।
प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से मुकाबला
सिंपल वन जेन-2 भारतीय बाजार के प्रीमियम इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से मुकाबला करेगा, जो अपनी रेंज और स्पीड के लिए जाने जाते हैं। इसमें ओला, एथर और टीवीएस जैसी कंपनियों के स्कूटर्स शामिल हैं। नए वैरिएंट्स और रेंज विकल्पों के साथ सिंपल एनर्जी इस प्रतिस्पर्धी सेगमेंट में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
Bhavanesh Soni