सिरोंज में 108 स्थानों पर हुआ वर्चुअल भूमिपूजन: विधायक ने 2 अरब 59 लाख के कार्यों का किया भूमिपूजन और लोकार्पण
सिरोंज-लटेरी विधानसभा क्षेत्र में विधायक उमाकांत शर्मा ने एक नवाचार करते हुए 108 स्थानों पर वर्चुअल भूमिपूजन और लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम 2 अरब 59 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सड़कों के निर्माण के लिए आयोजित किया गया था। विधायक ने गूगल मीट और फेसबुक लाइव के माध्यम से सभी स्थानों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस 'सड़क महापर्व' का मुख्य कार्यक्रम सिरोंज से 8 किलोमीटर दूर बरेड़ा गांव में आयोजित किया गया, जहां गांव की एक बुजुर्ग महिला को मुख्य अतिथि बनाया गया। कार्यक्रम में माइक या टेंट का उपयोग नहीं किया गया; सभी जनप्रतिनिधि और अधिकारी ग्रामीणों के साथ साधारण त्रिपाल पर बैठे।
विधायक उमाकांत शर्मा ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'ईंधन बचाओ, गाड़ियों का काफिला लेकर न चलें' के दिशा-निर्देश का पालन किया। वे स्वयं एक इलेक्ट्रिक स्कूटर से सिरोंज से बरेड़ा गांव पहुंचे और वहीं से 108 स्थानों पर वर्चुअल भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि यदि अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते, तो लाखों रुपये टेंट, माइक और वाहनों के ईंधन पर खर्च होते, साथ ही काफी समय भी लगता। इस वर्चुअल तरीके से बड़ी बचत हुई है।
विधायक ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर जोर देते हुए कहा कि बजट बड़ी मुश्किल से मिलता है और यदि सड़क खराब बनती है तो लोग परेशान होते हैं तथा दोबारा बजट मिलने में वर्षों लग जाते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां भी काम हो, वहां एक निगरानी समिति बनाई जाए जो निर्माण के समय ही सड़क की गुणवत्ता की जांच करे, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके।
Navjeet Kaur