मोदी मध्य प्रदेश को 'मोहन काल ' में देंगे मध्य प्रदेश को देंगे बड़ी सौगात.. 6 जून को प्रधानमंत्री ग गाडरवाड़ा मध्य प्रदेश के दौरे पर.. (सवाल दर सवाल) (राकेश अग्निहोत्री)

· 1 min read
मोदी मध्य प्रदेश को 'मोहन काल ' में देंगे मध्य प्रदेश को देंगे बड़ी सौगात.. 6 जून को प्रधानमंत्री ग गाडरवाड़ा मध्य प्रदेश के दौरे पर.. (सवाल दर सवाल) (राकेश अग्निहोत्री)

(मोहनकाल: विकास और विश्वास का मोदी मॉडल..और उसके सियासी मायने).. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 6 जून को मध्य प्रदेश का प्रस्तावित दौरा केवल विकास परियोजनाओं के शिलान्यास,सौगातों और सरकारी उपलब्धियों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं माना जाएगा.. क्योंकि मोदी के इस दौरे की टाइमिंग ने न सिर्फ इसका महत्व और बढ़ा दिया है..बल्कि इसे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सरकार की दशा, दिशा, राजनीतिक स्वीकार्यता और प्रशासनिक प्राथमिकताओं के व्यापक मूल्यांकन से भी जोड़कर देखा जा रहा है...गाडरवारा में एनटीपीसी प्लांट विस्तार, स्वामित्व योजना की रजिस्ट्री, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं और जैविक खेती जैसे कार्यक्रम उस “विकास और विश्वास” मॉडल की झलक हैं, जिसे भाजपा लंबे समय से जनकल्याण और राजनीतिक भरोसे की रणनीति के रूप में प्रस्तुत करती रही है...करीब ढाई साल का कार्यकाल पूरा कर चुकी मोहन सरकार अब उस मोड़ पर खड़ी दिखती है,जहां केवल प्रशासनिक फैसले नहीं बल्कि नेतृत्व की दूरदर्शिता, संकट प्रबंधन क्षमता और एक अलग राजनीतिक एजेंडा भी कसौटी पर है...राज्यसभा चुनाव की सरगर्मियों,विपक्ष के हमलों,स्थानीय सत्ता समीकरणों और संगठनात्मक संतुलन के बीच यह दौरा राजनीतिक रूप से संवेदनशील भी है...ऐसे समय में प्रधानमंत्री मोदी का मध्य प्रदेश आना केवल समर्थन का संकेत नहीं बल्कि यह संदेश भी माना जा सकता है कि भाजपा नेतृत्व मोहन सरकार की दिशा पर निगाह रखते हुए उसे नई ताकत स्वीकारता के साथ जोश भरने के लिए जरूरी ऊर्जा और वैचारिक मजबूती देना चाहता है...डॉ मोहन यादव ने धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान, निवेश, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कानून व्यवस्था और प्रशासनिक सक्रियता के जरिए मध्य प्रदेश को एक अलग पहचान देने का प्रयास किया है...उनकी कोशिश जनहित कारी योजनाओं और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के जरिए भाजपा के वोट बैंक को और मजबूत पर स्थाई बनाने में रही है..अब सवाल यह है कि क्या मोदी का यह दौरा “मोहन काल” को भाजपा के नए राजनीतिक अध्याय के रूप में स्थापित करने की भूमिका निभाएगा, जहां विकास के साथ सक्षम नेतृत्व, राजनीतिक स्थिरता और भविष्य की दूरदर्शिता का नया विमर्श आकार लेता दिखाई दे...6 जून के मोदी के दौरे के तुरंत बाद राज्यसभा चुनाव और खासतौर से तीसरी सीट का परिणाम भी सामने आ जाएगा..जिसके अपने राजनीतिक संदेश और संकेत गौर करने लायक होगे.. ✅✅ मध्य प्रदेश की राजनीति में 6 जून की तारीख मध्य प्रदेश और खासतौर से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के लिए बहुत मायने रखती है.. राष्ट्रीय स्तर पर बदलती राजनीति भाजपा की इंटरनल पॉलिटिक्स और मध्य प्रदेश की दशा और दिशा से जोड़कर देखा जाए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा दूसरे दौरे से अलग साबित होने वाला है.. यह केवल एक सरकारी कार्यक्रम या विकास परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास तक सीमित नहीं दिखती...प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गाडरवारा दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब राज्य की भाजपा सरकार अपने राजनीतिक और प्रशासनिक स्वरूप को नए ढंग से स्थापित करने की कोशिश में जुटी है...मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सरकार के ढाई साल के आगे निकलते नए कार्यकाल में अपनी राजनीतिक पहचान, प्रशासनिक प्राथमिकताएं और संगठनात्मक पकड़ को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय हैं... ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का मध्य प्रदेश आना स्वाभाविक रूप से केवल विकास नहीं बल्कि राजनीति के कई संकेत भी लेकर आएगा... गाडरवारा में एनटीपीसी प्लांट के विस्तार का भूमि पूजन, स्वामित्व योजना की रजिस्ट्री, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और जैविक खेती से जुड़े कार्यक्रमों का चयन भी अपने आप में राजनीतिक संदेश समेटे हुए है... यह कार्यक्रम केवल निवेश और योजनाओं की सूची नहीं बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसान, इंफ्रास्ट्रक्चर और गरीब तबके को सीधे संबोधित करने वाली राजनीतिक रणनीति का हिस्सा भी माने जा सकते हैं...दरअसल मध्य प्रदेश भाजपा के लिए केवल एक राज्य नहीं बल्कि हिंदी पट्टी की राजनीतिक प्रयोगशाला भी माना जाता है...लोकसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन के बाद भाजपा अब उन राज्यों में संगठन और सत्ता के तालमेल को और मजबूत करना चाहती है जहां लंबे समय तक उसकी सरकार रही है...ऐसे में मोहन यादव सरकार को प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक समर्थन राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाएगा...मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह रही है कि वे शिवराज सिंह चौहान के लंबे राजनीतिक प्रभाव के बाद अपनी अलग प्रशासनिक पहचान स्थापित करें...भाजपा ने जब अप्रत्याशित रूप से मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनाया तब राजनीतिक हलकों में इसे सामाजिक समीकरण, ओबीसी नेतृत्व और संगठन आधारित राजनीति का मिश्रित प्रयोग माना गया...शुरुआती महीनों में राजनीतिक पर्यवेक्षकों की नजर इस बात पर थी कि क्या मोहन यादव केवल संगठन की पसंद बने रहेंगे या अपनी स्वतंत्र राजनीतिक स्वीकार्यता भी विकसित कर पाएंगे.. ऐसे समय मोहनकाल में प्रधानमंत्री मोदी का मंच साझा करना और राज्य सरकार की योजनाओं को सार्वजनिक प्रशंसा मिलना मोहन यादव के लिए राजनीतिक ऊर्जा का काम करेगा...भाजपा की राजनीति में यह परंपरा रही है कि प्रधानमंत्री का समर्थन किसी मुख्यमंत्री की प्रशासनिक वैधता और राजनीतिक स्थिरता दोनों को मजबूत करता है...खासकर तब जब सत्ता के भीतर कई स्तरों पर शक्ति संतुलन और नेतृत्व की संभावनाएं बनी रहती हों...मोहन यादव के लिए यह दौरा इसलिए भी अहम है क्योंकि पिछले कुछ महीनों में उन्होंने धार्मिक पर्यटन, निवेश, गौ-संवर्धन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और प्रशासनिक सख्ती जैसे विषयों को अपनी सरकार की पहचान बनाने का प्रयास किया है... अब यदि प्रधानमंत्री मोदी सार्वजनिक मंच से मध्य प्रदेश सरकार के कामकाज की सराहना करते हैं तो यह संदेश भाजपा कार्यकर्ताओं से लेकर नौकरशाही तक स्पष्ट जाएगा कि केंद्र नेतृत्व मुख्यमंत्री के साथ खड़ा है... राजनीतिक दृष्टि से कार्यक्रमों का चयन भी रोचक है...एनटीपीसी विस्तार औद्योगिक निवेश और रोजगार का संकेत देता है...राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं विकास और कनेक्टिविटी का संदेश देती हैं...स्वामित्व योजना ग्रामीणों और ग्रमीण आदिवासियों को जमीन के स्वामित्व और छोटे परिवारों की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ती है...जबकि जैविक खेती का विषय किसानों और पर्यावरण आधारित अर्थव्यवस्था को जोड़ता है...यानी यह दौरा शहरी, ग्रामीण, किसान, युवा और बुनियादी ढांचे की राजनीति को एक साथ छूने की कोशिश करता दिखाई देता है...यह समय इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि 6 जून तक राज्यसभा की तीन सीटों के उपचुनाव की राजनीतिक चर्चा चरम पर हो सकती है...तीसरी सीट पर कांग्रेस को कड़ी चुनौती और दावेदारों के नाम मोदी के इस दौरे के बाद ही सामने आए आने की उम्मीद है..मध्य प्रदेश में राज्यसभा चुनाव हमेशा केवल गणित नहीं बल्कि राजनीतिक संदेश का माध्यम भी बनते रहे हैं...यदि भाजपा इस दौरान संगठनात्मक रूप से सक्रिय रहती है और प्रधानमंत्री का दौरा होता है तो उसका असर पार्टी के भीतर अनुशासन और मनोबल दोनों पर पड़ सकता है...दिल्ली नेतृत्व का सीधा हस्तक्षेप अक्सर स्थानीय गुटबाजी को सीमित करने और सामूहिक संदेश देने का माध्यम बनता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा ऐसे समय में होगा जब वे अपने नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे कर नए रिकॉर्ड के साथ आगे की ओर बढ़ रहे होंगे और तीसरी पारी के तीसरे वर्ष का राजनीतिक विमर्श भी आकार ले रहा होगा...मोदी के मंत्रिमंडल का विस्तार और नितिन नवीन की संगठन की नई टीम पर भी चर्चा और मूल्यांकन शुरू हो चुका होगा..भाजपा इस समय “विकसित भारत 2047” और दीर्घकालिक विकास एजेंडा को जनमानस से जोड़ने की कोशिश में है...ऐसे में मध्य प्रदेश जैसा बड़ा राज्य स्वाभाविक रूप से राष्ट्रीय राजनीतिक कथानक का हिस्सा बनेगा...मोदी की राजनीति की एक खासियत यह रही है कि वे विकास परियोजनाओं को केवल प्रशासनिक उपलब्धि के रूप में पेश नहीं करते बल्कि उन्हें राजनीतिक संदेश और जनविश्वास से भी जोड़ते हैं... इसलिए गाडरवारा मंच से यदि रोजगार, किसान, आत्मनिर्भर गांव, इंफ्रास्ट्रक्चर और विकसित भारत जैसे विषयों पर बात होती है तो उसका उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार नहीं बल्कि राजनीतिक वातावरण बनाना भी होगा... एक बड़ा सवाल यह भी रहेगा कि क्या प्रधानमंत्री मोदी मध्य प्रदेश भाजपा को 2028 विधानसभा चुनाव की शुरुआती दिशा भी देंगे...अभी चुनाव दूर हैं लेकिन भाजपा का राजनीतिक ढांचा हमेशा लंबी तैयारी पर आधारित रहता है...संगठन और सरकार के बीच समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने की शुरुआत बहुत पहले से की जाती है...इसलिए यह दौरा आगामी राजनीतिक पिच तैयार करने का प्रयास भी माना जा सकता है...इस पिच से मोदी अपने मोहन की जोड़ी को सामने रखकर एक साथ कई संदेश दे सकते हैं..मोहन यादव के लिए व्यक्तिगत राजनीतिक दृष्टि से भी यह क्षण महत्वपूर्ण होगा...भाजपा में नेतृत्व का मूल्यांकन केवल प्रशासनिक फैसलों से नहीं बल्कि संगठनात्मक स्वीकार्यता, चुनावी प्रदर्शन और शीर्ष नेतृत्व के भरोसे से भी तय होता है...यदि प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के बाद राजनीतिक संदेश यह जाता है कि मुख्यमंत्री को केंद्र नेतृत्व का भरोसा प्राप्त है तो इससे मोहन यादव की राजनीतिक स्थिति और मजबूत हो सकती है...हालांकि विपक्ष इस पूरे दौरे को अलग नजरिए से भी देखने की कोशिश करेगा...कांग्रेस इसे सरकारी कार्यक्रमों के राजनीतिक उपयोग और भाजपा की छवि निर्माण रणनीति के रूप में पेश कर सकती है...लेकिन भाजपा का प्रयास रहेगा कि इसे “विकास और विश्वास” के मॉडल के रूप में स्थापित किया जाए... कुल मिलाकर 6 जून का गाडरवारा दौरा केवल शिलान्यास, उद्घाटन और घोषणाओं का कार्यक्रम नहीं दिखता... यह मध्य प्रदेश भाजपा की सत्ता राजनीति, संगठनात्मक संदेश, मुख्यमंत्री मोहन यादव की स्वीकार्यता और केंद्र-राज्य समन्वय का एक अहम राजनीतिक मंच भी बन सकता है... सवाल केवल यह नहीं कि मोदी मध्य प्रदेश को क्या सौगात देंगे... असली सवाल यह भी है कि क्या यह दौरा मोहन यादव को राजनीतिक रूप से नई ताकत देगा... फिलहाल संकेत यही हैं कि विकास की भाषा के साथ भाजपा सत्ता की स्थिरता, नेतृत्व के भरोसे और भविष्य की राजनीति का संदेश भी देने की तैयारी में दिखाई दे रही है... बॉक्स (राज्यसभा चुनाव से पहले मोदी दौरा...क्या भाजपा को मिलेगा मनोवैज्ञानिक बढ़त का संदेश?) ✅ मध्य प्रदेश समेत 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनावी प्रक्रिया शुरू होने जा रही है...1 जून को अधिसूचना जारी होगी, 8 जून तक नामांकन, 18 जून को मतदान और उसी दिन परिणाम सामने आएंगे...मध्य प्रदेश की 3 सीटों पर होने वाला चुनाव पहले से ही राजनीतिक दिलचस्पी का केंद्र बना हुआ है...ऐसे समय में 6 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मध्य प्रदेश दौरा राजनीतिक रूप से महज संयोग नहीं बल्कि महत्वपूर्ण टाइमिंग के रूप में भी देखा जा सकता है...हालांकि प्रधानमंत्री मोदी का राज्यसभा चुनाव से प्रत्यक्ष संबंध नहीं है,लेकिन भाजपा की राजनीति में नेतृत्व की मौजूदगी अक्सर संगठनात्मक ऊर्जा और मनोवैज्ञानिक बढ़त का संदेश देती है...खासतौर पर तब, जब तीसरी सीट को लेकर कांग्रेस की स्थिति अपेक्षाकृत बैकफुट पर नजर आ रही हो और भाजपा अभी तक अपने पत्ते पूरी तरह नहीं खोल रही हो...मोदी के मध्य प्रदेश दौरे के बाद ही राज्यसभा के भाजपा के दावेदारों के चेहरे सामने आएंगे..इन दिनों राष्ट्रीय स्तर पर भी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं...उड़ीसा से पश्चिम बंगाल तक कई क्षेत्रीय दलों के सांसद भाजपा के करीब आते दिखे हैं, जिससे संसद के दोनों सदनों में संख्या संतुलन का महत्व और बढ़ गया है...ऐसे में मध्य प्रदेश दौरे के जरिए भाजपा कार्यकर्ताओं, विधायकों और संगठन को यह संकेत मिल सकता है कि दिल्ली नेतृत्व पूरी तरह सक्रिय है...यानी विकास कार्यक्रमों के मंच के समानांतर राजनीतिक आत्मविश्वास और चुनावी संदेश की परत भी दिखाई दे सकती है.

Related Articles