T20 विश्व कप में शेफाली-मंधाना की जोड़ी अहम: उप-कप्तान

· 1 min read
T20 विश्व कप में शेफाली-मंधाना की जोड़ी अहम: उप-कप्तान

टी20 विश्व कप में शेफाली और मेरी भूमिका बेहद अहम होगी : मंधाना

भारतीय महिला टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना का मानना है कि मौजूदा सीरीज में इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी साझेदारी न करने के बावजूद वह और उनकी सलामी जोड़ीदार शेफाली वर्मा आगामी टी20 विश्व कप की शुरुआत में अपनी टीम को अच्छी लय दे पाएंगे।

मंधाना और शेफाली ने तीन मैचों में क्रमश: 19, 27 और शून्य की ओपनिंग साझेदारियां कीं। इसके बावजूद मंधाना का मानना है कि विश्व कप में भारत की सफलता के लिए दोनों की भूमिका बेहद अहम होगी। पिछले साल नवंबर में घरेलू जमीन पर वनडे विश्व कप जीतने के बाद अब भारत की नजर टी-20 विश्व कप ट्रॉफी पर है।

तीसरे टी20 में 6 विकेट से हार के बाद मांधना ने कहा, 'मेरे और शेफाली के लिए अच्छी बात यह है कि हम गेंद को अच्छी तरह टाइम कर रहे हैं, लेकिन दुर्भाग्य से हम टीम के लिए बड़ी पारियां नहीं खेल पाए। हम दोनों नेट्स में वापस जाएंगे, कड़ी मेहनत करेंगे और एक सलामी जोड़ी के तौर पर पहले से अधिक मजबूत होकर लौटने की कोशिश करेंगे। हम दोनों हमेशा टीम को अच्छी शुरुआत देने और लय बनाए रखने पर गर्व करते हैं, लेकिन इस सीरीज में ऐसा नहीं कर पाए। हम इससे सीखेंगे और आगे बेहतर करने की कोशिश करेंगे। विश्व कप से पहले इंग्लैंड आकर यहां सीरीज खेलना तैयारी के लिहाज से निश्चित रूप से फायदेमंद है।'

मंगलवार को खेले गए निर्णायक मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 40 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाए, जिसकी बदौलत भारत ने पांच विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। हालांकि यह स्कोर भी इंग्लैंड को रोकने के लिए काफी नहीं रहा। हरमनप्रीत की पारी पर मंधाना ने कहा, 'उन्होंने आज शानदार बल्लेबाजी की। जब हरमन अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में होती हैं तो उन्हें बल्लेबाजी करते देखना शानदार अनुभव होता है। उन्होंने मैदान के हर हिस्से में रन बनाए और दबाव की स्थिति में बेहद अहम पारी खेली। मुझे लगता है कि हमारी पूरी बल्लेबाजी इकाई अच्छी लय में है। विश्व कप से पहले यह अच्छे संकेत हैं। जेमी (जेमिमाह रोड्रिग्स), हरमन और शेष सभी बल्लेबाज शानदार लय में दिख रही हैं। उम्मीद है कि मैं भी नॉन स्ट्राइकर एंड से यह सब देखने की बजाय योगदान दे सकूं।'

Bhavanesh Soni