तेजस्वी यादव दरभंगा में महागठबंधन प्रत्याशी के लिए करेंगे जनसभा
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर दरभंगा में प्रचार अभियान तेज हो गया है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव आज दो अलग-अलग स्थानों पर चुनावी जनसभा करेंगे। पहला कार्यक्रम गौड़ाबौराम विधानसभा क्षेत्र के कोठराम में दोपहर 12:10 बजे आयोजित होगा, जबकि दूसरा कार्यक्रम जाले विधानसभा क्षेत्र के कुमरौली में होगा।
गौड़ाबौराम सीट पर महागठबंधन के दो प्रत्याशी
गौड़ाबौराम विधानसभा सीट इस समय जिले की सबसे चर्चित सीट बन चुकी है। यहां महागठबंधन के दो प्रत्याशी मैदान में हैं। राजद से अफजल अली खान और वीआईपी से संतोष सहनी चुनाव लड़ रहे हैं। टिकट बंटवारे के दौरान यह सीट पहले राजद को दी गई थी, लेकिन बाद में वीआईपी को सौंप दी गई। दोनों प्रत्याशियों ने नाम वापस नहीं लिया है और अब प्रचार में जुटे हैं।
तेजस्वी का समर्थन किसे मिलेगा?
गौड़ाबौराम में तेजस्वी यादव की जनसभा अहम मानी जा रही है क्योंकि यह देखना दिलचस्प होगा कि वे मंच से किस प्रत्याशी का समर्थन करते हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि तेजस्वी अफजल अली खान का समर्थन करते हैं तो वीआईपी खेमे में नाराजगी बढ़ सकती है, जबकि संतोष सहनी के समर्थन पर राजद के मुस्लिम वोटर असंतुष्ट हो सकते हैं।
जाले में कांग्रेस प्रत्याशी ऋषि मिश्रा के पक्ष में जनसभा
तेजस्वी यादव इसके बाद जाले विधानसभा क्षेत्र के कुमरौली पहुंचेंगे, जहां वे कांग्रेस प्रत्याशी ऋषि मिश्रा के समर्थन में जनसभा करेंगे। इस कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में भीड़ जुटने की संभावना है। प्रशासन ने दोनों जनसभाओं के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।
Faraz Khan