टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल: भारत ने न्यूजीलैंड को दिया 256 रन का रिकॉर्ड लक्ष्य
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 256 रन का विशाल लक्ष्य दिया है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था, जिसके बाद भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए। यह टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है, जिसने पिछले 176 रन के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
भारतीय पारी के मुख्य आकर्षण
भारत की तरफ से ओपनर संजू सैमसन ने सर्वाधिक 89 रन की शानदार पारी खेली, जो टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। उन्होंने वेस्टइंडीज के मार्लोन सैमुअल के 85 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा करते हुए 52 रन बनाए, जो टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे तेज अर्धशतक है। ईशान किशन ने भी 54 रन का महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने 15 ओवर में ही 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया था।
भारतीय पारी की शुरुआत धमाकेदार रही, जहां पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 92 रन बने, जो टी-20 वर्ल्ड कप में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के बीच पहले विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी हुई, जो टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में ओपनिंग जोड़ी द्वारा सबसे बड़ी साझेदारी है।
न्यूजीलैंड की गेंदबाजी और महत्वपूर्ण विकेट
न्यूजीलैंड के गेंदबाज जिमी नीशाम ने 16वें ओवर में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक ही ओवर में तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार यादव (0), ईशान किशन (54) और संजू सैमसन (89) को पवेलियन भेजकर भारतीय रन गति पर अंकुश लगाया। हार्दिक पंड्या ने 13 गेंदों में 18 रन का योगदान दिया और 19वें ओवर में आउट हुए।
टीमें और अन्य जानकारी
भारतीय टीम में संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती शामिल थे। न्यूजीलैंड की टीम में फिन एलन, टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चापमन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जैकब डफी, मैट हेनरी, जिमी नीशम और लॉकी फर्ग्यूसन खेले। टॉस के समय न्यूजीलैंड ने अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया था, जिसमें कोल मैकॉन्ची की जगह जैकब डफी को शामिल किया गया। भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया था। मैच के बाद पॉप स्टार रिकी मार्टिन, पंजाबी पॉप सिंगर सुखवीर और फाल्गुनी पाठक क्लोजिंग सेरेमनी में परफॉर्म करेंगे।
Pushpendra Chaubey