ट्रम्प की वफादार प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने इस्तीफा दिया, परिवार पर ध्यान देंगी

· 1 min read
ट्रम्प की वफादार प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने इस्तीफा दिया, परिवार पर ध्यान देंगी

ट्रम्प की वफादार प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट का इस्तीफा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की भरोसेमंद सहयोगी और व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 28 वर्षीय लेविट इस महीने के आखिर में व्हाइट हाउस छोड़ देंगी। ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर बताया कि लेविट अपने परिवार और दो छोटे बच्चों को अधिक समय देना चाहती हैं। वह ट्रम्प की बाहरी सलाहकार बनी रहेंगी और रिपब्लिकन पार्टी के लिए काम करती रहेंगी।

सबसे कम उम्र की प्रेस सचिव

कैरोलिन लेविट 27 साल की उम्र में अमेरिका के इतिहास में सबसे कम उम्र की व्हाइट हाउस प्रेस सचिव बनी थीं। मई में बेटी के जन्म के बाद वह कुछ समय मातृत्व अवकाश पर रहीं और कुछ दिन पहले काम पर लौटी थीं। उनका एक दो साल का बेटा भी है।

प्रेस ब्रीफिंग में विवाद

करीब 20 महीने तक लेविट राष्ट्रपति ट्रम्प की प्रवक्ता रहीं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रम्प की नीतियों और फैसलों पर मुश्किल सवालों का जवाब अक्सर वह देती थीं। उन्होंने कई बार ट्रम्प का आक्रामक बचाव किया और मीडिया के सवालों का तीखा जवाब दिया। पत्रकारों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक भी सुर्खियों में रही। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने सवाल पूछने वाले रिपोर्टर को ‘वामपंथी सोच वाला’ और ‘पत्रकार के नाम पर कलंक’ कहा था।

लेविट कई बार मेनस्ट्रीम मीडिया पर पक्षपात का आरोप लगाती थीं। उनका कहना था कि कुछ मीडिया संस्थान ट्रम्प सरकार के खिलाफ एजेंडा चलाते हैं। आलोचकों का कहना था कि वे पत्रकारों के सवालों से बचने के लिए उन पर व्यक्तिगत हमले करती हैं।

प्रेस ब्रीफिंग में बदलाव

लेविट के कार्यकाल में पहली बार सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, पॉडकास्ट होस्ट, यूट्यूब क्रिएटर्स और ट्रम्प समर्थक डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को प्रेस ब्रीफिंग में सवाल पूछने का मौका मिला। ट्रम्प सरकार का कहना था कि इससे ऐसे लोगों तक सरकार की बात पहुंचेगी जो मेनस्ट्रीम मीडिया नहीं देखते। हालांकि, पत्रकारों ने आलोचना की कि सरकार आलोचना से डरती है और ट्रम्प समर्थकों को अधिक अहमियत दी जा रही है।

एपी को प्रेस पूल से बाहर किया गया

लेविट के कार्यकाल में व्हाइट हाउस ने समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) को प्रेस पूल से बाहर कर दिया। एजेंसी ने ट्रम्प सरकार की इच्छा के बावजूद ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ नाम इस्तेमाल करने से इनकार कर दिया और अपनी रिपोर्टों में ‘गल्फ ऑफ मेक्सिको’ नाम जारी रखा।

प्रेस पूल उन चुनिंदा पत्रकारों और मीडिया संस्थानों का छोटा समूह होता है जो राष्ट्रपति के साथ यात्रा करता है और उनकी बैठकों, कार्यक्रमों और बयानों को सबसे पहले कवर करता है। इसके बाद यह जानकारी बाकी मीडिया संस्थानों के साथ साझा की जाती है।

L. N. Bhargava