उज्जैन विधायक कालूहेड़ा का सिंहस्थ रोड पर यू-टर्न: सीएम मोहन की समझाइश के बाद सहयोग का आश्वासन

· 1 min read
उज्जैन विधायक  कालूहेड़ा का  सिंहस्थ रोड  पर यू-टर्न:  सीएम मोहन  की समझाइश के बाद  सहयोग  का आश्वासन

सिंहस्थ रोड विवाद: सीएम की समझाइश के बाद उज्जैन विधायक कालूहेड़ा ने बदला रुख

विरोध प्रदर्शन की धमकी के बाद भोपाल में बुलावा, संगठन से हुई बात

उज्जैन उत्तर से भाजपा विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने सिंहस्थ के लिए प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के खिलाफ आंदोलन की धमकी दी थी, जिसके बाद उन्हें शुक्रवार देर रात भोपाल तलब किया गया। विधायक ने पहले पिपलीनाका क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण से कई परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित होने की बात कहते हुए सड़क पर उतरने की चेतावनी दी थी। उनका आरोप था कि अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को गलत जानकारी दी है और उन्होंने क्षेत्रवासियों को 24 मीटर से अधिक सड़क न बनने का वचन दिया था।

भोपाल में विधायक कालूहेड़ा ने पहले भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह से मुलाकात की। इसके बाद वे मुख्यमंत्री निवास पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने सड़क चौड़ीकरण मामले पर उनके बयानों पर नाराजगी व्यक्त की।

दरअसल, उज्जैन के भैरवगढ़ रोड पर लगभग 410 घरों को सात दिन में खाली करने का नोटिस जारी किया गया था। इनमें से कई घरों का बड़ा हिस्सा तोड़कर सड़क बनाने की तैयारी थी, जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए थे। उन्होंने विधायक कालूहेड़ा के कार्यालय का घेराव कर सरकार और विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। विधायक ने तब जनता की भावनाओं का सम्मान न कर पाने की बात कही थी।

सीएम और संगठन के नेताओं की समझाइश के बाद विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने अपने पूर्व बयानों पर खेद व्यक्त किया। उन्होंने अब सिंहस्थ के कार्यों में पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया और कहा कि उनकी ओर से कोई दिक्कत नहीं आएगी। हालांकि, उन्होंने यह शर्त रखी कि प्रशासनिक अधिकारी आम जनता से चर्चा करके ही निर्णय लें।

Sachin Saxena