50 से अधिक कर्मचारियों वाले दफ्तरों में 2 दिन वर्क फ्रॉम होम, AC का तापमान 24-26 डिग्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अपने आवास पर मंत्रियों की पहली बैठक में कई अहम फैसले लिए। उन्होंने मंत्रियों से जनता के सामने उदाहरण पेश करने को कहा और सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग या साइकिल का उपयोग करने का सुझाव दिया।
ईंधन संरक्षण और पर्यावरण पर जोर
सीएम योगी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ईंधन संरक्षण केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्रीय दायित्व भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की अपील को धरातल पर उतारने के लिए मंत्रिमंडल को आदर्श प्रस्तुत करने की बात कही। मंत्रियों से सार्वजनिक परिवहन का प्रयोग करने का आग्रह किया ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए। अंतरजनपदीय बैठकें, प्रशिक्षण कार्यक्रम, और समितियों की बैठकें वर्चुअल मोड में करने का भी निर्देश दिया गया।
कार्यालयों के लिए निर्देश
सचिवालय और निदेशालय में AC का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही लिफ्ट का प्रयोग कम करने की अपील की गई। 50 से अधिक कर्मचारियों वाले संस्थानों में सप्ताह में कम से कम दो दिन ‘वर्क फ्रॉम होम’ व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया गया।
नई नीतियों की तैयारी
मुख्यमंत्री ने सौर ऊर्जा को लेकर जागरुकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए नई नीति तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
सामाजिक आयोजनों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को प्रोत्साहन
सीएम ने सामाजिक आयोजनों में मितव्ययिता का आह्वान किया। शादी-विवाह सहित दूसरे समारोहों के लिए घरेलू स्थलों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने के लिए मंत्रीगणों से उत्तर प्रदेश में निर्मित वस्तुओं को उपहार स्वरूप उपयोग करने का आग्रह किया।
एलपीजी-पीएनजी कनेक्शन और खाद्य तेल पर निर्देश
उन्होंने एलपीजी सिलेंडर के स्थान पर पीएनजी कनेक्शन को प्राथमिकता देने और इसके लिए आवश्यक नीतिगत बदलाव तत्काल करने के निर्देश दिए। कॉमर्शियल एलपीजी उपयोगकर्ताओं को भी पीएनजी से जोड़ने की आवश्यकता बताई। खाद्य तेल की खपत कम करने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने और आयातित वस्तुओं का न्यूनतम उपयोग करने की अपील की। तिलहन उत्पादन, प्राकृतिक खेती और रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
नए मंत्रियों का परिचय
बैठक की शुरुआत में सीएम योगी ने मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्रियों का औपचारिक परिचय कराया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही और जनता द्वारा उनके कार्यों के मूल्यांकन पर जोर दिया। नए मंत्रियों से अनुभवी मंत्रियों से सीख लेने और प्रभावी कार्यशैली विकसित करने की बात कही।
Sachin Saxena