भोपाल में बैंक कर्मियों ने पांच दिन बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर प्रदर्शन किया
बुधवार को भोपाल में बैंक कर्मियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। वे अरेरा हिल्स स्थित पंजाब नेशनल बैंक के जोनल कार्यालय के सामने जुटे और नारेबाजी की। इस दौरान सभा भी हुई।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने बुधवार को राष्ट्रव्यापी प्रदर्शनों का आह्वान किया था। फोरम की स्थानीय भोपाल इकाई के आह्वान पर यहां प्रदर्शन और सभा आयोजित की गई।
बैंकिंग समय और अवकाश का विवरण
वक्ताओं ने कहा कि पहले बैंक सोमवार से शुक्रवार तक पूरे दिन और प्रत्येक शनिवार को आधे दिन काम करते थे। 2015 में सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन के बीच सहमति बनी, जिसके अनुसार दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश घोषित किया गया और शेष शनिवारों को पूर्ण कार्य दिवस बनाया गया।
यह निर्णय इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया था कि डिजिटल बैंकिंग के बढ़ने से बैंक शाखाओं में ग्राहकों की संख्या कम हुई है। साथ ही यह भी सहमति बनी थी कि शेष शनिवारों को अवकाश घोषित करने पर उचित समय पर विचार किया जाएगा।
वित्त मंत्रालय को भेजा गया प्रस्ताव
मार्च 2024 में वेतन संशोधन समझौते के दौरान इंडियन बैंक्स एसोसिएशन ने सहमति दी कि ग्राहकों के लिए बैंकिंग व्यवसाय के समय में प्रतिदिन 40 मिनट की वृद्धि की जाएगी और इसके बदले शेष शनिवारों को बैंक अवकाश घोषित किया जाएगा। इससे ग्राहकों के लिए कुल बैंकिंग व्यवसाय के घंटों में कोई कमी नहीं होने की व्यवस्था की गई।
इस प्रस्ताव को विधिवत स्वीकृति के लिए वित्त मंत्रालय भेजा गया था, लेकिन पिछले दो वर्ष से अधिक समय से यह मामला सरकार की स्वीकृति के लिए लंबित है। जब कोई समाधान नहीं निकला तो यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस ने मार्च 2024 के समझौते में किए गए वादे को लागू कराने और सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर 27 जनवरी को बैंक हड़ताल की थी। यह मामला अभी भी सरकार के पास लंबित है।
Pushpendra Chaubey