हरियाली अमावस्या पर ग्वालियर में 5000 पौधे रोपे, हर घर तिरंगा मानव श्रृंखला बनी

· 1 min read
हरियाली अमावस्या पर ग्वालियर में 5000 पौधे रोपे, हर घर तिरंगा मानव श्रृंखला बनी

ग्वालियर में हरियाली अमावस्या पर पौधरोपण

हरियाली अमावस्या के अवसर पर बुधवार को ग्वालियर में जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आगरा-झांसी बायपास स्थित रमौआ बांध के समीप नवीन ई-बस स्टैंड एवं होटल मैरियट के पास वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

"एक पेड़ मां के नाम" और "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत एक साथ करीब 5000 पौधे रोपे गए। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने पौधरोपण कर शहर को हराभरा बनाने का संकल्प लिया।

हर घर तिरंगा अभियान के तहत मानव श्रृंखला

कार्यक्रम के दौरान "हर घर तिरंगा" अभियान के तहत विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर घर-घर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का संदेश दिया। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

अधिकारियों की बात

नगर निगम सभापति मनोज तोमर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। 5000 पौधों का एक साथ रोपण ग्वालियर के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पौधों को बच्चों की तरह देखभाल कर बड़ा करना जरूरी है और नगर निगम उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगा।

कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि हरियाली अमावस्या का पर्व प्रकृति से जोड़ने का संदेश देता है। आमजन, युवा और बच्चों की भागीदारी उत्साहजनक रही। आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण देने के लिए वृहद पौधरोपण अभियान जरूरी हैं। प्रशासन रमौआ बांध क्षेत्र को ग्रीन बेल्ट के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने कहा कि लक्ष्य पौधों को जीवित रखना है। इसके लिए रमौआ बांध क्षेत्र में कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है, जो पौधों को पानी, खाद और सुरक्षा उपलब्ध कराएंगे।

रोपे गए पौधे

अभियान में नीम, शहतूत, आम, जामुन, अमरूद, कटहल, बरगद और पीपल सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति मनोज तोमर, कलेक्टर रुचिका चौहान, आयुक्त संघ प्रिय, लेखा समिति अध्यक्ष अनिल सांखला, पार्षद संजीव पोतनीस, अपर आयुक्त मुनीष सिकरवार व प्रदीप तोमर, उपायुक्त मुकेश बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संगठनों और शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Pushpendra Chaubey