आंध्र के डिप्टी सीएम पवन कल्याण का तीसरा तलाक, अन्ना कोनिडेला से 13 साल बाद अलगाव

· 1 min read
आंध्र के डिप्टी सीएम पवन कल्याण का तीसरा तलाक, अन्ना कोनिडेला से 13 साल बाद अलगाव

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण का तीसरी बार तलाक

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और अभिनेता पवन कल्याण तथा उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने आपसी सहमति से तलाक लिया है। उपमुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार यह फैसला आपसी समझ और सम्मान के साथ लिया गया। दोनों ने कहा कि वे अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने बच्चों बेटी पोलेना अंजना पवनोवा और बेटे मार्क शंकर पवनोविच के लिए समर्पित माता-पिता की भूमिका निभाते रहेंगे। बच्चों की खुशी और भलाई दोनों की साझा प्राथमिकता रहेगी। पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने अपने शुभचिंतकों से उनके जीवन के इस मुश्किल दौर में प्राइवेसी का सम्मान करने की अपील की।

तीन विवाह और तलाक का पूरा ब्यौरा

पवन कल्याण ने तीन शादियां की हैं और तीनों ही बार उनका तलाक हुआ है। पहली शादी 1997 में नंदिनी से हुई थी, जो परिवार द्वारा तय की गई थी। 2004 में पवन अपनी को-स्टार रेनु देसाई के साथ लिव-इन में रहने लगे और रेनु ने बेटे अकिरा नंदन को जन्म दिया। बिना तलाक लिए दूसरी महिला के साथ रहने पर नंदिनी ने बाइगैमी कानून (आईपीसी धारा 494) के तहत पवन, चिरंजीवी, नागेंद्र बाबू और रेनु देसाई सहित परिवार के अन्य सदस्यों पर केस दर्ज किया। साथ ही हर महीने 5 लाख रुपए गुजारा भत्ता मांगा। 2007 में तलाक हुआ और पवन ने 5 करोड़ रुपए गुजारा भत्ता दिया।

दूसरी शादी 28 जनवरी 2009 को रेनु देसाई से हुई। शादी के बाद रेनु ने बेटी आध्या को जन्म दिया। शादी के 3 साल बाद 2012 में तलाक हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार आर्थिक तंगी के दौरान पवन द्वारा भाई नागेंद्र बाबू की मदद करना तलाक का कारण बना, हालांकि दोनों ने इस बारे में कभी बात नहीं की। पवन ने वकील के जरिए तलाक रोकने की कोशिश की लेकिन विफल रहे। तलाक के समय पवन फिल्म 'तीन मार' की शूटिंग कर रहे थे।

तीसरी शादी 30 सितंबर 2013 को रूसी मॉडल अन्ना लेजनेवा (अन्ना कोनिडेला) से हुई। एक फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी। इस शादी से बेटी पोलेना अंजना पवनोवा और बेटे मार्क शंकर पवनोविच का जन्म हुआ। तीन शादियों पर पवन ने कहा था कि उनका शादी करने का इरादा नहीं था, वक्त के साथ होता गया। एक शादी नहीं चली इसलिए दूसरी करनी पड़ी।

राजनीतिक सफर और उपमुख्यमंत्री पद

पवन कल्याण ने 14 मार्च 2014 को जनसेना पार्टी बनाई। 2024 का विधानसभा चुनाव उन्होंने तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन करके लड़ा। चुनाव में टीडीपी ने आंध्र प्रदेश की 175 सीटों में से 135, जनसेना पार्टी ने 21 और भाजपा ने 8 सीटें जीतीं। टीडीपी प्रमुख चंद्रबाबू नायडू राज्य के मुख्यमंत्री और जनसेना पार्टी प्रमुख पवन कल्याण उपमुख्यमंत्री बने।

पवन कल्याण का असली नाम कोनिडेला कल्याण बाबू है। पिता कोनेडेला वेंकट राव कॉन्स्टेबल थे। बचपन में कराटे में ब्लैक बेल्ट थे। डिप्रेशन में जाकर बड़े भाई चिरंजीवी की लाइसेंसी पिस्टल से सुसाइड की कोशिश की, परिवार ने बचाया। भाभी सुरेखा के प्रेरित करने पर फिल्मों में आए। 1996 में 'अक्कड़ा अम्मायी इक्कदा अब्बायी' से डेब्यू किया। 1997-1999 के बीच लगातार 6 हिट फिल्में दीं। 1998 में 'सुस्वागतम' से 'पावर स्टार' टाइटल मिला। तेलुगु फिल्मों के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले अभिनेता बने। 7 फिल्मों में स्टंट को-ऑर्डिनेटर रहे। 2001 में कोला ब्रांड का विज्ञापन ठुकराया क्योंकि सेहत के लिए हानिकारक था। 2008 में भाई चिरंजीवी की पार्टी प्रजा राज्यम के अध्यक्ष बने। 2011 में पार्टी के कांग्रेस से गठबंधन से नाखुश होकर 2014 में जनसेना पार्टी बनाई। 2020 में भाजपा से गठबंधन किया।

Arvind Vishwakarma