भोपाल में बारिश के बीच निकली भाजपा तिरंगा यात्रा, सीएम बुलेट से पहुंचे

· 1 min read
भोपाल में बारिश के बीच निकली भाजपा तिरंगा यात्रा, सीएम बुलेट से पहुंचे

भोपाल में तिरंगा यात्रा

भोपाल में रविवार को जिला भाजपा की तिरंगा यात्रा निकली। यात्रा टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।

रूट छोटा किया गया

यात्रा पहले टीटी नगर स्टेडियम से न्यू मार्केट, रोशनपुरा चौराहे होते हुए वापस टीटी नगर आने वाली थी। तेज बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए रूट छोटा कर दिया गया। न्यू मार्केट के नानके पेट्रोल पंप चौराहे से पहले यात्रा वापस टीटी नगर की ओर मोड़ दी गई।

सीएम बुलेट से पहुंचे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुलेट बाइक से टीटी नगर स्टेडियम पहुंचे और हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में चले। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह भी यात्रा में शामिल रहे।

बच्चों का उत्साह

शहर के अलग-अलग इलाकों से बड़ी संख्या में बच्चे यात्रा में पहुंचे। बारिश के बावजूद वे हाथों में तिरंगा लेकर चलते रहे। डोरेमोन और मोटू-पतलू की वेशभूषा में आए बच्चे आकर्षण का केंद्र रहे।

मुख्यमंत्री के विचार

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन से देश में आजादी का निर्णायक संघर्ष शुरू हुआ था। क्रांतिकारियों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना हर राष्ट्रभक्त नागरिक का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर देशभर में तिरंगा अभियान शुरू किया गया है, जो 14 अगस्त तक गांव, शहर, जिला, संभाग और राजधानी स्तर पर चलेगा।

सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत दुनिया के सामने अपनी लोकतांत्रिक ताकत और सामर्थ्य का एहसास करा रहा है। भारत को अपनी संस्कृति, ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘जियो और जीने दो’ के विचार के साथ दुनिया का नंबर वन देश बनने की दिशा में काम करना चाहिए।

बारिश के बावजूद बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और सभी वर्गों के लोगों के उत्साह की सराहना करते हुए सीएम ने कहा कि बारिश ने यात्रा का आनंद दोगुना कर दिया। गीले होते हुए भी लोगों का उत्साह देशभक्ति की प्रतिबद्धता दिखाता है।

सीएम ने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग साहस, वीरता और बलिदान के प्रतीक हैं। उन्होंने देश की यश-कीर्ति बढ़ने की कामना की और भोपालवासियों को बधाई दी। यात्रा के समापन पर टीटी नगर और आसपास देशभक्ति के नारे लगे।

नशा मुक्ति का संदेश

तिरंगा यात्रा में देशभक्ति के साथ नशा मुक्ति का संदेश दिया गया। लोगों ने नशे से दूर रहने और युवाओं को जागरूक करने का संदेश दिया। आयोजकों ने युवा पीढ़ी को स्वस्थ और नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर की राजधानियों में जनभागीदारी के साथ तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। यह अभियान देशभक्ति और वीरों के सम्मान का प्रतीक है। आज बारिश के बीच इंद्र देवता भी देश के वीरों और देशभक्तों का स्वागत कर रहे हैं।

Sharad Shrivastava