MP के सरकारी स्कूलों में 9वीं से 12वीं के छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति लागू
मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। लोक शिक्षण संचालनालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।
एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर दर्ज होगी उपस्थिति
इस व्यवस्था के लिए एजुकेशन पोर्टल 3.0 का उपयोग होगा। स्कूलों में पढ़ाई की गुणवत्ता के लिए विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति जरूरी बताई गई है। पोर्टल पर पूरी कक्षा के विद्यार्थियों की सूची दिखेगी। शिक्षक को विद्यार्थियों की वास्तविक उपस्थिति के अनुसार स्थिति दर्ज करनी होगी।
तीन श्रेणियां निर्धारित
विद्यार्थियों के लिए Present, Absent और On Leave तीन श्रेणियां तय की गई हैं। सिस्टम में डिफॉल्ट रूप से सभी विद्यार्थी Present दिखेंगे। अनुपस्थित या अवकाश पर छात्रों के नाम के सामने Absent या On Leave दर्ज करना होगा। इसके बाद डेटा सेव किया जाएगा।
संस्था लॉगिन से होगी एंट्री
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की उपस्थिति एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर संस्था लॉगिन से दर्ज की जाएगी। प्रत्येक कक्षा के विद्यार्थियों की सेक्शनवार एंट्री की जिम्मेदारी कक्षा शिक्षक की होगी। यह सुविधा जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
कम उपस्थिति वाले छात्रों पर नजर
विभाग नियमित रूप से उपस्थिति का विश्लेषण करेगा। कम उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं और शैक्षणिक सहायता की योजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रयास होगा।
शिक्षकों के विरोध के बीच व्यवस्था
यह व्यवस्था ऐसे समय में शुरू की जा रही है जब सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की ई-अटेंडेंस को लेकर शिक्षक संगठनों और शिक्षकों का विरोध जारी है। शिक्षक ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था पर आपत्ति जता रहे हैं। विभाग ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को पढ़ाई की गुणवत्ता के लिए जरूरी बताया है और ऑनलाइन रिकॉर्ड से स्कूल से लेकर विभागीय स्तर तक निगरानी हो सकेगी।
Pushpendra Chaubey