भव्य हनुमत धाम बनने की दिशा में पहला कदम, भाजपा नेताओं ने किया लोकार्पण

जिले में श्रद्धा और आस्था का केंद्र बनने जा रहे हनुमत धाम

· 1 min read
भव्य हनुमत धाम बनने की दिशा में पहला कदम, भाजपा नेताओं ने किया लोकार्पण
हनुमत धाम मंदिर का मॉडल तैयार

हनुमत धाम मंदिर का मॉडल तैयार, भाजपा नेताओं ने किया लोकार्पण

भोपाल जिले में बन रहे हनुमत धाम (बाबा नीम करौली मंदिर) का मॉडल अब तैयार हो चुका है। यह धाम आने वाले समय में मध्यप्रदेश का प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल बनने जा रहा है। भोपाल की आध्यात्मिक पहचान को और मजबूत करने वाला यह मंदिर न सिर्फ श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि प्रदेश के सांस्कृतिक मानचित्र पर भी नई पहचान स्थापित करेगा।

जिले में श्रद्धा और आस्था का केंद्र बनने जा रहे हनुमत धाम (बाबा नीम करौली मंदिर) का मॉडल तैयार हो चुका है। शनिवार को इसका लोकार्पण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा और भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने मंदिर के महत्व और इसके भव्य स्वरूप पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि हनुमत धाम आने वाले समय में न सिर्फ धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटन और सांस्कृतिक दृष्टि से भी क्षेत्र की पहचान बनेगा।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि “बाबा नीम करौली जी की कृपा से यह धाम आध्यात्मिक शक्ति और जनकल्याण का केंद्र बनेगा। यहां आने वाले श्रद्धालु भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव करेंगे।”

संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने बताया कि इस मंदिर परिसर को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाएगा, ताकि दूर-दराज़ से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, भाजपा मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कहा कि मंदिर का मॉडल यह दर्शाता है कि आने वाले समय में यह धाम मध्यप्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शुमार होगा।

स्थानीय स्तर पर लोगों में उत्साह देखा गया। श्रद्धालुओं ने मंदिर मॉडल के लोकार्पण को ऐतिहासिक क्षण बताया और विश्वास जताया कि हनुमत धाम क्षेत्र के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विकास में नई पहचान स्थापित करेगा।