छिंदवाड़ा: कुएं का पानी पीते ही बिगड़ी 25 से अधिक ग्रामीणों की हालत, बाल्टी में मिला ज़हर का पाउच
छिंदवाड़ा जिले के बिछुआ क्षेत्र अंतर्गत खमरा के किशनपुर गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। गांव के कुएं का पानी पीने और उससे नहाने के बाद लगभग 25 से 30 ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। ग्रामीणों को हाथ-पैर में तेज खुजली और एलर्जी जैसे लक्षण महसूस हुए। कुछ ग्रामीणों ने पानी से अजीब बदबू आने की भी शिकायत की।
पानी में मिला झाग और फेस, बाल्टी में ज़हर का पाउच
जब ग्रामीणों ने कुएं के पानी की दोबारा जांच की, तो उसमें झाग और फेस बनता हुआ दिखाई दिया। इसी बीच, जिस कुएं के पानी से यह घटना हुई, उसी कुएं से पानी निकालने वाली बाल्टी में एक ज़हर का पाउच मिला है। साथ ही कुएं में एक मरी हुई मछली भी पाई गई है, जिससे पानी के दूषित होने की आशंका बढ़ गई है।
प्रशासन हरकत में, ग्रामीणों का अस्पताल जाने से इनकार
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया। SDM और PHE विभाग के SDO मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पानी के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर प्रभावित ग्रामीणों को अस्पताल ले जाने के लिए 5 एंबुलेंस की व्यवस्था की है। हालांकि, कई ग्रामीण अस्पताल जाने से इनकार कर रहे हैं और खुद को ठीक बता रहे हैं। प्रशासन ने फिलहाल ग्रामीणों को कुएं के पानी का उपयोग न करने की सलाह दी है। पानी के दूषित होने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Janmejay Chaturvedi