गैंगस्टर लॉरेंस साबरमती जेल के हाई-सिक्योरिटी '200 खोली' ब्लॉक में शिफ्ट
गैंगस्टर लॉरेंस को हाल ही में अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल के हाई-सिक्योरिटी '200 खोली' ब्लॉक में स्थानांतरित किया गया है। इस ब्लॉक में 2008 के सीरियल ब्लास्ट के आतंकियों समेत गंभीर अपराधों के दोषियों को रखा गया है। ब्लॉक को चार हिस्सों में बांटा गया है ताकि कैदियों को अलग रखा जा सके और एक-दूसरे की सेल में आवाजाही रोकी जा सके। प्रत्येक हिस्से में 50 कैदियों की क्षमता है। लॉरेंस की सेल का आकार लगभग 7.5 गुणा 11 फीट है। लॉरेंस इस जेल में 10 मई 2023 से बंद है।
इससे पहले लॉरेंस साबरमती जेल के ही '10 खोली' नामक हाई-सिक्योरिटी ब्लॉक में था, जहां केवल 10 कैदियों के रहने की जगह थी। उससे पहले वह दिल्ली की तिहाड़ जेल और पंजाब की विभिन्न जेलों में भी रह चुका है।
नेटवर्क पर लगाम और जांचकर्ताओं के निष्कर्ष
लॉरेंस के नेटवर्क पर लगाम लगाने के लिए यह कदम उठाया गया है। जांचकर्ताओं के मुताबिक, पिछले दो साल से लॉरेंस का कोई सीधा संपर्क सामने नहीं आया है। साबरमती जेल में बंद होने के बावजूद उसका गिरोह विदेश से संचालित हो रहा है। उसके प्रमुख सहयोगियों का समूह, जिसे रिपोर्ट में 'शैडो कैबिनेट' कहा गया है, रोजमर्रा के कामकाज और नए लोगों की भर्ती संभालता है। दूसरा समूह कथित तौर पर योजना बनाने, फंडिंग और निशाने तय करने का काम करता है। रिपोर्ट के मुताबिक, FBI के 'ऑपरेशन हार्डबॉल' के बाद गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा समेत कई प्रमुख सदस्य अंडरग्राउंड हो गए हैं।
लॉरेंस जेल से वर्चुअल सुनवाई में शामिल होता है। जेल के बाहर की दुनिया से उसका संपर्क मुख्य रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली अदालती सुनवाई और वकील के साथ कानूनी मामलों पर चर्चा तक सीमित बताया गया है।
दिनचर्या और संबंधित घटनाएं
रिपोर्ट के अनुसार, लॉरेंस जेल में अनुशासित दिनचर्या का पालन करता है। वह सुबह ध्यान करता है, नियमित रूप से हनुमान चालीसा पढ़ता है, व्रत रखता है और शाकाहारी भोजन करता है।
18 अक्टूबर को मुंबई में एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग हुई थी। इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित ने ली थी।
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग करने वाले शूटर्स को वारदात के बाद भी बाहर से मदद मिल रही थी। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक एक व्यक्ति टीवी न्यूज देखकर उन्हें पुलिस की जांच के अपडेट दे रहा था।
Bhavanesh Soni