गुना में सिंधिया ने बच्ची का हाथ पकड़कर लगवाई एचपीवी वैक्सीन

· 1 min read
गुना  में  सिंधिया ने  बच्ची का  हाथ पकड़कर  लगवाई  एचपीवी वैक्सीन

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बच्ची का हाथ पकड़कर लगवाई एचपीवी वैक्सीन

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार सुबह गुना जिले के म्याना स्थित सिविल अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने एक घबराई हुई बच्ची का हाथ पकड़कर उसे सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन लगवाई। बच्ची को टीका लगवाते समय मंत्री ने उसे ढांढस बंधाते हुए कहा, "कुछ नहीं होगा। मैं रोज इंजेक्शन लगवाता हूं।" इस घटना के बाद बच्ची को सफलतापूर्वक टीका लगाया गया और मंत्री ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया।

सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु टीकाकरण अभियान

यह घटना जिलेभर में चल रहे एक विशेष टीकाकरण अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत 14 वर्ष तक की बच्चियों और छात्राओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित करना है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्‍वर के मार्गदर्शन में यह टीकाकरण और जागरूकता कार्य किया जा रहा है।

जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे

टीकाकरण के महत्व को उजागर करने के लिए जिलेभर के स्कूलों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मानस भवन के पास स्थित सरकारी स्कूल में एक कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण के लाभ और आवश्यकता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। विद्यालय प्रभारी शिक्षक नरेंद्र भारद्वाज और राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की काउंसलर रेखा शर्मा ने छात्राओं की शंकाओं का समाधान किया और उन्हें टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित किया।

Ravi Yadav