ईरान की नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी और सैन्य तैयारियों का विवरण
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने एक नई अंडरग्राउंड मिसाइल सिटी का वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों के साथ उन्हें लॉन्च करने वाले सिस्टम भी दिखाई दे रहे हैं।
IRGC से जुड़ी न्यूज एजेंसी तस्नीम ने मंगलवार को इस मिसाइल सिटी की तस्वीरें जारी कीं। हालांकि तस्नीम ने यह नहीं बताया कि यह ठिकाना कहां स्थित है, इसमें कितनी मिसाइलें हैं और उनके कौन-कौन से प्रकार हैं।
गल्फ न्यूज का आकलन और अमेरिकी प्रतिबंधों का संदर्भ
गल्फ न्यूज के मुताबिक, ईरान के करीब 90 प्रतिशत मिसाइल ठिकाने और सुरंगों में बने भंडार अब भी काम कर रहे हैं। इन पर हवाई हमले किए जाने के बाद भी ये चालू हैं। ईरान ने यह वीडियो ऐसे समय साझा किया है जब अमेरिका उस पर प्रतिबंध जारी रखे हुए है और उसकी नौसैनिक नाकेबंदी भी कर रहा है। गल्फ न्यूज के अनुसार इस मिसाइल सिटी को दिखाकर ईरान यह संदेश देना चाहता है कि हमलों के बावजूद उसकी सैन्य ताकत बनी हुई है।
जमीन के नीचे मिसाइल बनाने और रखने की व्यवस्था से ईरान अपने हथियारों को हवाई हमलों से बचाना चाहता है। इसके लिए वह सैन्य ठिकानों को अलग-अलग जगहों पर बना रहा है और उन्हें जमीन के नीचे छिपा रहा है।
IRGC कमांडर की चेतावनी और उत्पादन क्षमता
कार्यक्रम के दौरान IRGC कमांडर माजिद मौसवी ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर ईरान अपने दुश्मनों के ठिकानों पर पूरे इलाके में और उससे बाहर भी हमला कर सकता है। ईरान की सैन्य ताकत में मिसाइलों की अहम भूमिका है, हालांकि अमेरिकी और इजराइली हमलों के बाद उसके पास कितनी मिसाइलें बची हैं और अंडरग्राउंड ठिकानों में कितनी रखी हैं, इसका सही आंकड़ा सामने नहीं आया है।
IRGC प्रवक्ता हुसैन मोहेबी ने बताया कि ईरान ने मिसाइल और ड्रोन बनाने वाली फैक्ट्रियों को जमीन के ऊपर से हटाकर अंडरग्राउंड ठिकानों में शिफ्ट कर दिया है। इन जगहों को उन्होंने सिर्फ हथियार रखने का ठिकाना नहीं, बल्कि 'मिसाइल बनाने वाले शहर' बताया। मोहेबी के मुताबिक, ईरान के पास हथियार बनाने की अपनी तकनीक है। इससे वह भारी बमबारी के बावजूद मिसाइल और ड्रोन बनाने का काम जारी रख सकता है।
ईरान की IRGC एयरोस्पेस फोर्स मिसाइल और ड्रोन कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालती है। जमीन के नीचे फैक्ट्रियां और भंडार बनाने का मकसद उन्हें हवाई हमलों से बचाना और हमले होने के बाद भी मिसाइल बनाने और लॉन्च करने की क्षमता बनाए रखना है।
Sachin Saxena