न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम घोषित की
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 14 सदस्यीय टीम की घोषणा की है। चोट से उबर रहे रचिन रवींद्र की टीम में वापसी हुई है, जबकि केन विलियमसन की गैरमौजूदगी में टॉम लाथम कप्तानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के अनुसार रचिन रवींद्र, डेवोन कॉन्वे और टॉम ब्लंडेल पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध होने का प्रयास कर रहे हैं। रचिन सितंबर में एक प्रमोशनल शूट के दौरान दायां कंधा खिसकने के कारण भारत के खिलाफ टी-20 और वनडे सीरीज नहीं खेल सके थे। कॉन्वे कनकशन से और ब्लंडेल क्वाड्रिसेप्स की चोट से उबर रहे हैं।
टॉम ब्लंडेल यदि भारत के खिलाफ दोनों टेस्ट मैच खेलते हैं तो वे न्यूजीलैंड के लिए 50 टेस्ट खेलने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज बन जाएंगे। हालांकि उनका पहले टेस्ट में खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा।
टीम काफी हद तक जून में इंग्लैंड को उसी के घर में 2-1 से हराने वाली टीम जैसी है। केन विलियमसन और तेज गेंदबाज विल ओ'रूर्के, बेन सीयर्स तथा जैक फाउल्क्स इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। विल ओ'रूर्के का वर्कलोड मैनेज किया जा रहा है, जबकि सीयर्स टखने और फाउल्क्स हिप की चोट से उबर रहे हैं। तेज गेंदबाज जैकब डफी टीम में नया नाम हैं, वे पितृत्व अवकाश के कारण इंग्लैंड दौरे पर नहीं गए थे।
न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज बीजे वाटलिंग टीम के नए बैटिंग कोच होंगे। वे ल्यूक रोंची की जगह लेंगे और पहले टेस्ट से तीन दिन पहले सोमवार को टीम से जुड़ेंगे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के लिहाज से अहम है। न्यूजीलैंड फिलहाल पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर है, जबकि दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया भी उसके करीब हैं। भारत चौथे स्थान पर है और उसे जून 2027 में होने वाले फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए अपने बाकी सात टेस्ट में से ज्यादातर जीतने होंगे।
ऋषभ पंत का आखिरी फिटनेस और सिमुलेशन टेस्ट 12 नवंबर को BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में होगा। टेस्ट पास करने के बाद वे न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए रवाना होंगे। पंत ने CoE में बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस की है और इन सेशन में वे सहज नजर आए हैं।
Bhavanesh Soni