महाकाल मंदिर में दिल्ली के श्रद्धालुओं से मारपीट और एफआईआर का मामला
मंगलवार तड़के महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती के दौरान चलित दर्शन की लाइन त्रिवेणी द्वार के अंदर व्यवस्थित की गई थी। इसी दौरान फूल-प्रसाद विक्रेताओं ने अन्नक्षेत्र के सामने लगा बैरिकेड खोल दिया, जिससे व्यवस्था बिगड़ने लगी। बैरिकेड को दोबारा उठाकर बंद किया जा रहा था, तभी कुछ दर्शनार्थी निर्धारित लाइन तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए और उनके साथ आए कुछ अन्य लोग बाहर रह गए।
श्रद्धालुओं को लाइन में आने की समझाइश देने के दौरान विवाद हुआ। मंदिर समिति की कोर सिक्योरिटी कंपनी के एएसओ पवन शर्मा ने महाकाल थाने में आवेदन देकर दिल्ली के जतिन गोयल, अनुज गोयल, अमर गोयल और सत्यम पर मारपीट का आरोप लगाते हुए मंगलवार देर शाम मामला दर्ज कराया।
भाजपा पार्षद ने व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए
घटना की जानकारी मिलने के बाद भाजपा पार्षद शिवेंद्र तिवारी ने मंदिर की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर में आए दिन श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और विवाद की घटनाएं सामने आ रही हैं। सुरक्षा गार्डों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे किसी को कुछ नहीं समझते। तिवारी ने कहा कि पिछले दो वर्षों से लगातार इस तरह की घटनाएं मंदिर परिसर में हो रही हैं, जिससे महाकाल मंदिर और उज्जैन की छवि खराब हो रही है। उन्होंने कुछ दिन पहले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पुरी महाराज के साथ हुई घटना का भी जिक्र किया।
शिवेंद्र तिवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से घटनाओं पर संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि मंदिर में अर्धसैनिक बलों की तैनाती होनी चाहिए। ठेके पर काम करने वाले कर्मचारियों को लेकर कई शिकायतें हैं। उन्होंने कहा कि महाकाल मंदिर किसी व्यक्ति, संस्था, संगठन या शासन-प्रशासन का नहीं, बल्कि भगवान महाकाल के भक्तों का है। श्रद्धालुओं का सम्मान और सुलभ दर्शन सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
सीसीटीवी फुटेज से होगी वास्तविक स्थिति स्पष्ट
मंदिर समिति की ओर से सुरक्षाकर्मियों के आवेदन पर केस दर्ज कराया गया है। हालांकि, घटना का वास्तविक कारण मंदिर के सीसीटीवी फुटेज से स्पष्ट होगा। शिकायत में बैरिकेड गिरने और व्यवस्था बिगड़ने के बाद विवाद होने की बात कही गई है। बैरिकेड संभालने की जिम्मेदारी भी मंदिर के सुरक्षाकर्मियों की थी। ऐसे में समय रहते व्यवस्था क्यों नहीं संभाली गई, यह भी जांच का विषय है। पुलिस ने मंदिर समिति से घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज मांगे हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Sachin Saxena