मोदी बोले- इजराइल-ईरान जंग जल्द खत्म हो, सैन्य संघर्ष किसी समस्या का समाधान नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को दिल्ली में मिडिल ईस्ट और यूक्रेन में जारी जंग को जल्दी खत्म करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सैन्य संघर्ष से कोई भी मसला हल नहीं हो सकता। भारत सभी विवादों के शांतिपूर्ण समाधान और शांति स्थापित करने की कोशिशों का समर्थन करता रहेगा।
फिनलैंड के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय वार्ता
प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद कही। उन्होंने बताया कि भारत और फिनलैंड दोनों ही कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में विश्वास रखते हैं। दोनों देश इस बात पर सहमत हुए कि सिर्फ सैन्य संघर्ष से कोई भी समस्या हल नहीं हो सकती।
फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब बुधवार को चार दिवसीय भारत दौरे पर आए हैं, जिसका उद्देश्य व्यापार, निवेश और उभरती प्रौद्योगिकियों सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाना है। बैठक में दोनों देशों ने डिजिटलाइजेशन और सस्टेनेबिलिटी के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों ने भारत-फिनलैंड संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक आगे बढ़ाने पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने AI, 6G और क्वांटम टेक्नोलॉजी में साझेदारी पर भी विशेष जोर दिया।
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी संघर्ष
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच छह दिनों से जंग जारी है। अल जजीरा के मुताबिक, इस संघर्ष में अब तक 5000 से ज्यादा बम गिराए गए हैं और 20 ईरानी वॉरशिप को डुबो दिया गया है। इन हमलों में एक हजार से ज्यादा लोग मारे गए हैं। ईरान ने भी पलटवार करते हुए मिडिल ईस्ट के 9 देशों में बने अमेरिकी बेस पर हमला किया है।
उड़ान सेवाओं पर असर और स्पेशल फ्लाइट्स
28 फरवरी से शुरू हुई इस जंग के कारण मिडिल ईस्ट के देशों में भारत के लिए उड़ान सेवा प्रभावित हुई है। हालांकि बीते 2 दिन में हालात आंशिक रूप से सुधरे हैं। स्पाइसजेट मिडिल ईस्ट में फंसे यात्रियों की वापसी के लिए गुरुवार को UAE से 13 स्पेशल फ्लाइट्स चलाएगी।
Navjeet Kaur