जेफ्री एपस्टीन फाइल्स से दुनिया भर में भूचाल: 10 देशों में इस्तीफे, 80 ताकतवर लोग जांच के दायरे में
अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़े सीक्रेट दस्तावेज सामने आने के बाद दुनिया भर में हड़कंप मच गया है। अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने 30 जनवरी को लगभग 30 लाख पेज के ये गोपनीय दस्तावेज़ जारी किए हैं। इन खुलासों के बाद 10 देशों में 15 से अधिक बड़े अधिकारियों को अपने पद छोड़ने पड़े हैं, जबकि 80 से अधिक ताकतवर लोगों पर जांच चल रही है।
राजनेता, अरबपति और शाही परिवार जांच के निशाने पर
इन फाइलों में विभिन्न देशों के नेता, राजदूत, अरबपति और शाही परिवारों के नाम शामिल हैं। ईमेल, फ्लाइट लॉग और संपर्क रिकॉर्ड के माध्यम से लगभग 700 से 1000 प्रभावशाली व्यक्तियों का जिक्र किया गया है। कई मामलों में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। दस्तावेजों में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन जैसे हाई-प्रोफाइल नाम भी अलग-अलग संदर्भों में सामने आए हैं।
एपस्टीन खुलासे के बाद सबसे ज्यादा असर यूरोप में देखने को मिला है, जहां ब्रिटेन और नॉर्वे के शाही परिवार भी निशाने पर आ गए हैं। ब्रिटेन में सबसे ज्यादा इस्तीफे दर्ज किए गए हैं। ये फाइल्स कई देशों की सरकारों के लिए कूटनीतिक और राजनीतिक शर्मिंदगी का कारण बनी हैं, जिसके चलते सरकारों ने जांच के आदेश दिए हैं।
बड़े नामों को जतानी पड़ी माफी
कुछ बड़े नाम सामने आने के बाद उन्हें और उनके परिवारों को सार्वजनिक रूप से माफी या अफसोस जताना पड़ा है। एपस्टीन फाइल्स में ट्रम्प का नाम 38 हजार से अधिक बार दर्ज है, जिसमें 1990 के दशक में एपस्टीन के निजी विमान से 7-8 यात्राओं का जिक्र है। वह ट्रम्प के मार-ए-लागो क्लब की गेस्ट लिस्ट में भी शामिल थे। जांच में यह भी सामने आया है कि यौन शोषण का नेटवर्क सिर्फ अमेरिका तक सीमित नहीं था; एपस्टीन ने एक संगठित मानव तस्करी नेटवर्क बनाया था, जिसमें अब तक 15 देशों के रईसों, नेताओं और अंतरराष्ट्रीय हस्तियों के नाम उजागर हुए हैं।
एपस्टीन मामला: तारीखों में पूरा घटनाक्रम
कौन था जेफ्री एपस्टीन?
जेफ्री एपस्टीन न्यूयॉर्क का एक करोड़पति फाइनेंसर था, जिसकी बड़े नेताओं और सेलिब्रिटीज से दोस्ती थी। उस पर 2005 में नाबालिग लड़की के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा और 2008 में उसे नाबालिग से सेक्स की मांग करने का दोषी ठहराया गया, जिसके लिए उसे 13 महीने की जेल हुई। 2019 में जेफ्री को सेक्स ट्रैफिकिंग के आरोपों में गिरफ्तार किया गया, लेकिन मुकदमे से पहले ही उसने जेल में आत्महत्या कर ली। उसकी पार्टनर घिसलीन मैक्सवेल को 2021 में उसकी मदद करने के आरोपों में दोषी करार दिया गया और वह 20 साल की सजा काट रही है। इन फाइलों में उद्योगपति अनिल अंबानी से जुड़ी बातचीत का भी खुलासा हुआ है।
Arvind Vishwakarma