जूनियर हॉकी एशिया कप: भारत ने जापान से ड्रॉ खेला, विमेंस टीम ने मलेशिया को हराया
मेंस टीम का मुकाबला
चीन में खेले जा रहे जूनियर हॉकी एशिया कप के पूल ए के दूसरे मैच में रविवार को भारतीय मेंस टीम ने जापान के साथ 3-3 से ड्रॉ खेला। भारत ने चौथे मिनट में कप्तान अनमोल एका के पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर 1-0 की बढ़त बनाई। दसवें मिनट में आशु मौर्य ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 2-0 कर दिया। ग्यारहवें मिनट में जापान के र्यूशिन सासाकी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 2-1 किया। हाफ टाइम तक भारत 2-1 से आगे रहा।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों को मौके मिले लेकिन कोई गोल नहीं हुआ। चौथे क्वार्टर में जापान के कप्तान काजुकी नाकानिशी ने 48वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर 2-2 की बराबरी की। 59वें मिनट में नाकानिशी ने एक और पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर जापान को 3-2 से आगे कर दिया। मैच खत्म होने से 59 सेकंड पहले भारत ने गोलकीपर हटाकर हमला तेज किया और पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया जिसे अनमोल एका ने गोल में बदलकर स्कोर 3-3 कर दिया।
भारत ने अपने पहले पूल मैच में इंडोनेशिया को 14-0 से हराया था। अब भारतीय टीम मंगलवार को पूल ए के तीसरे मैच में कोरिया से खेलेगी।
विमेंस टीम का मुकाबला
भारतीय विमेंस हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप के एलीट पूल मुकाबले में मलेशिया को 11-1 से हराया। भारत की ओर से पूजा साहू और पूर्णिमा यादव ने दो-दो गोल किए, जबकि बिनिमा धन, कृष्णा शर्मा, सुखवीर कौर, गीता यादव और सनिका चंद्रकांत माने ने एक-एक गोल किया।
यह भारत की लगातार दूसरी जीत है और टीम 6 अंकों के साथ एलीट पूल में शीर्ष पर है। इससे पहले भारत ने अपने पहले मुकाबले में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराया था। भारतीय टीम अब 8 सितंबर को जापान के खिलाफ अपना तीसरा पूल मैच खेलेगी।
Sachin Saxena