कैंसर की 137 दवाएं 9 नवंबर से सस्ती, मरीजों को सालाना 3,540 करोड़ रुपए की बचत का अनुमान
कैंसर की 137 दवाएं 9 नवंबर से सस्ती हो गई हैं। दवा कंपनियों ने 121 दवाओं के 1,364 फॉर्मूलेशन की नई कीमतें जारी की हैं। इनमें 679 ब्रांड की दवाओं के दाम 50% से ज्यादा घटाए गए हैं। सबसे ज्यादा 96.45% की कमी की गई है। कीमतें घटने से मरीजों को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपए की बचत होने का अनुमान है।
22 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने कैंसर की दवाओं की रिटेलर कीमत (PTR) और मैक्सिमम रिटेल प्राइज (MRP) के बीच के मार्जिन पर सवाल उठाए थे। कोर्ट ने कहा था कि ₹2700 की दवा मरीज को ₹27000 में मिलना दिनदहाड़े डकैती और नरसंहार जैसा है।
सुप्रीम कोर्ट की नाराजगी के बाद 17 अक्टूबर को नेशनल फार्मास्यूटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने 137 गैर-अनुसूचित (नॉन शिड्यूल्ड) कैंसर दवाओं पर कंपनियों का मुनाफा 30% तय कर दिया था। इसी फैसले के बाद दवाओं की कीमतें कम हुई हैं।
कीमतें कम करने की सिफारिश डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) के तहत बनी विशेषज्ञ समिति ने की थी। समिति में देशभर के प्रमुख ऑन्कोलॉजिस्ट, मेडिकल विशेषज्ञ, अस्पतालों के विशेषज्ञ और सरकारी अधिकारी शामिल थे। समिति ने मार्जिन को तर्कसंगत बनाने के लिए 137 दवाओं की सिफारिश की है। इस सूची को समय-समय पर अपडेट किया जाएगा।
खरीदार दवा के पैकेट पर छपी बदली हुई कीमत देख सकते हैं और 'फार्मा सही दाम' मोबाइल ऐप या NPPA की वेबसाइट के जरिए दवाओं की नई कीमत की पुष्टि कर सकते हैं। कोई भी केमिस्ट या अस्पताल की फार्मेसी, तय की गई कीमत से अधिक दाम नहीं वसूल सकती। यदि कोई अधिक कीमत वसूलता है या कीमतों से जुड़ी कोई अन्य शिकायत है, तो उपभोक्ता 'फार्मा जन समाधान' पोर्टल के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं या NPPA की हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 पर संपर्क कर सकते हैं।
Amit Pateria