मध्य प्रदेश को लगातार दूसरे साल मिला 'बेस्ट स्टेट टूरिज्म' अवॉर्ड

· 1 min read
मध्य प्रदेश  को लगातार  दूसरे साल  मिला 'बेस्ट स्टेट टूरिज्म' अवॉर्ड

मध्य प्रदेश को 'बेस्ट स्टेट टूरिज्म' अवॉर्ड, लगातार दूसरे साल जीता सम्मान

मध्य प्रदेश को दक्षिण एशिया की प्रमुख ट्रैवल एवं टूरिज्म प्रदर्शनी SATTE-2026 में प्रतिष्ठित 'बेस्ट स्टेट टूरिज्म' अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह दूसरा लगातार साल है जब प्रदेश ने यह सम्मान हासिल किया है। यह पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित SATTE अवॉर्ड्स समारोह के दौरान मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने ग्रहण किया। विजेताओं का चयन प्रतिष्ठित विशेषज्ञों और उद्योग जगत के वरिष्ठ नेताओं की एक जूरी ने किया।

पर्यटन में मध्य प्रदेश की अग्रणी भूमिका

पर्यटन विभाग के सचिव और बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने बताया कि यह अवॉर्ड प्रदेश के पर्यटन इको-सिस्टम को मजबूत करने के निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। मध्य प्रदेश सतत, जिम्मेदार और अनुभव-आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने पर केंद्रित है, साथ ही राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देता है। बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी, पर्यटक सुविधाओं और नवाचारपूर्ण पहलों में लगातार सुधार ने मध्य प्रदेश को विरासत, वन्यजीव, आध्यात्मिक और इको-टूरिज्म के क्षेत्र में एक अग्रणी गंतव्य बना दिया है। एमपी टूरिज्म बोर्ड राज्य की विविधता को व्यापक रूप से प्रस्तुत करता है, जिसमें यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल (खजुराहो समूह स्मारक, सांची स्तूप, भीमबेटका रॉक शेल्टर्स), प्रसिद्ध टाइगर रिजर्व, पवित्र आध्यात्मिक केंद्र (उज्जैन, ओंकारेश्वर), जीवंत जनजातीय एवं लोक परंपराएं, ग्रामीण पर्यटन अनुभव और एडवेंचर सर्किट शामिल हैं।

पर्यटन स्थलों पर महिला सुरक्षा हेतु कार्यशाला

इसी क्रम में, होटल पलाश में एमपी टूरिज्म बोर्ड, पुलिस विभाग और यूएन वूमेन के समन्वय से 'पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की भूमिका और रणनीति' विषय पर एक तीन दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि जिलों में पुलिस की सक्रिय भागीदारी और प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने 'निर्भया फ्रेमवर्क' जैसी पहलों और कैमरा निगरानी प्रणाली में 19 करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख किया, जिससे मध्य प्रदेश को महिला सुरक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

पर्यटन का आर्थिक महत्व और सुरक्षा की अनिवार्यता

प्रबंध संचालक एमपी टूरिज्म बोर्ड डॉ. इलैया राजा टी. ने कार्यशाला में पर्यटन के आर्थिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला प्रमुख क्षेत्र है, इसलिए पर्यटकों की सुरक्षा सबसे आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि महिलाओं की सुरक्षा एक निर्णायक कारक है और पर्यटन बोर्ड महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा दे रहा है, जैसे उन्हें ड्राइवर, गाइड और होम-स्टे संचालक के रूप में आगे लाना। सशक्त महिलाएं सुरक्षित पर्यटन स्थलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस कार्यशाला में विशेष पुलिस महानिदेशक (महिला सुरक्षा) पीएचक्यू भोपाल अनिल कुमार सहित गृह विभाग, पुलिस विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Adarsh Chaurasiya