मध्य प्रदेश में 8 IAS अधिकारियों के तबादले, छतरपुर-शहडोल-बालाघाट में नए कलेक्टर
मध्य प्रदेश सरकार ने 8 IAS अधिकारियों के तबादले किए हैं। सबसे बड़ा बदलाव 2016 बैच की IAS अधिकारी मिशा सिंह की पोस्टिंग को लेकर किया गया। दो दिन पहले जारी तबादला सूची में उन्हें शहडोल कलेक्टर बनाया गया था, लेकिन अब संशोधित आदेश में उनकी पोस्टिंग अपर मुख्य सचिव के रूप में हुई है।
तीन जिलों में नए कलेक्टर
पार्थ जायसवाल को छतरपुर से शहडोल कलेक्टर, मृणाल मीणा को बालाघाट से छतरपुर कलेक्टर और कुमार सत्यम को बालाघाट का कलेक्टर बनाया गया है। आदित्य गर्ग को मंदसौर कलेक्टर पद से हटाकर परियोजना संचालक, मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट और मुख्य कार्यपालन अधिकारी, राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड बनाया गया है।
खाद्य, तकनीकी शिक्षा और सामान्य प्रशासन में बदलाव
दिनेश जैन को अपर सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से ओएसडी सह संचालक खाद्य, नागरिक आपूर्ति और अपर सचिव, उपभोक्ता संरक्षण विभाग बनाया गया। गिरीश शर्मा परियोजना संचालक, मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट से अपर सचिव, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग बनाए गए।
अन्य नियुक्तियां
अंकित अस्थाना को उप सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग से उप सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग बनाया गया। उन्हें संचालक, कर्मचारी चयन मंडल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया। स्वरोचिष सोमवंशी को आयुक्त, आर्थिक एवं सांख्यिकी के साथ सचिव, राज्य योजना आयोग तथा संचालक, अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान का अतिरिक्त प्रभार दिया गया।
Ravi Yadav