मध्य प्रदेश में इंडो-फ्रेंच इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव आज, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रहेंगे मौजूद
फ्रांस के राजदूत और उद्योग जगत की हस्तियां होंगी शामिल
भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आज इंडो-फ्रेंच इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में फ्रांस की प्रमुख कंपनियों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इस कॉन्क्लेव से मध्य प्रदेश को एग्री, ईवी, रिन्यूएबल एनर्जी, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, स्किल डेवलपमेंट और मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में बड़े निवेश तथा दीर्घकालिक साझेदारियों की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश के करीब 60-80 उद्योग प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं, जिनके साथ फ्रांसीसी कंपनियों की बी-2-बी और बी-2-जी बैठकें हो रही हैं। इस आयोजन में फ्रांस के राजदूत, इंडो-फ्रेंच चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री तथा फ्रांसीसी उद्योग जगत के प्रतिनिधि शामिल हैं। मध्य प्रदेश शासन के साथ मिलकर आयोजित यह कॉन्क्लेव न केवल निवेश आकर्षित करने का मंच है, बल्कि राज्य को वैश्विक टेक्नोलॉजी, नवाचार और सतत विकास की दिशा में मजबूत बनाने का एक महत्वपूर्ण कदम भी है।
कई प्रतिष्ठित फ्रांसीसी कंपनियां ले रहीं भाग
कॉन्क्लेव में सनोफी, डसॉल्ट सिस्टम्स, सूफलेट माल्ट, सिस्ट्रा, एंजी, ईडीएफ, डेकाथलॉन, रॉयल कैनिन, लैक्टालिस समेत कई प्रतिष्ठित फ्रांसीसी कंपनियां भाग ले रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट और महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
Bhavanesh Soni