मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर तीन दिवसीय भव्य समारोह
मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस पर इस बार तीन दिन तक भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 1 नवंबर को उज्जैन के लिए पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होगी। शाम को प्रसिद्ध सिंगर जुबिन नौटियाल अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी दिन 2000 ड्रोन के माध्यम से प्रदेश की विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
लाल परेड ग्राउंड पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 1, 2 और 3 नवंबर को विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बताया कि इस बार समारोह की थीम 'उद्योग एवं रोजगार वर्ष' पर केंद्रित है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू और अर्जुन राम मेघवाल मुख्य अतिथि होंगे।
ड्रोन शो और जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति
पहले दिन शाम 6:30 बजे समारोह का शुभारंभ 2000 ड्रोन शो से होगा। इसके बाद 'विश्ववंद - श्रीकृष्ण की सांगीतिक यात्रा' और जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम के दौरान आतिशबाजी भी देखने को मिलेगी।
महानाट्य 'सम्राट विक्रमादित्य' का मंचन
2 और 3 नवंबर को उज्जैन की विशाला सांस्कृतिक समिति द्वारा 'सम्राट विक्रमादित्य' महानाट्य का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा हंसराज रघुवंशी और स्नेहा शंकर अपनी गायन प्रस्तुतियां देंगे।
प्रदर्शनी, मेला और लोक नृत्य
समारोह के दौरान 'एक जिला-एक उत्पाद' शिल्प मेला, देशज व्यंजन मेला और प्रदर्शनी आयोजित होंगी। 2 और 3 नवंबर को जनजातीय लोक नृत्य जैसे करमा, भगोरिया और गणगौर की प्रस्तुतियां होंगी।
महंगाई भत्ता की घोषणा का इंतजार
प्रदेश के कर्मचारियों को दिवाली पर महंगाई भत्ता नहीं मिला था। अब स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा इसे लेकर घोषणा की उम्मीद की जा रही है।
L. N. Bhargava