लियोनल मेसी के GOAT इंडिया टूर में मुंबई का यादगार दिन
अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनल मेसी अपने GOAT इंडिया टूर के तहत भारत में हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में उनके सम्मान में खास आयोजन हुआ, जहां क्रिकेट और फुटबॉल के सितारों ने एक साथ मंच साझा किया।
सचिन तेंदुलकर से मुलाकात और वर्ल्ड कप जर्सी गिफ्ट
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मेसी की मुलाकात मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर से हुई। इस दौरान सचिन ने मेसी को अपनी 2011 वनडे वर्ल्ड कप की टीम इंडिया जर्सी भेंट की, जिस पर सचिन का नाम भी अंकित था। दोनों दिग्गजों की मुलाकात के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
वानखेड़े में मेसी का फुटबॉल शो, बच्चों और फैंस के साथ मस्ती
मेसी शाम करीब साढ़े पांच बजे वानखेड़े पहुंचे। उनके साथ उनके साथी खिलाड़ी लुईस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल भी मौजूद थे। स्टेडियम में उन्होंने अर्जेंटीना और भारत का झंडा हाथ में लेकर दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया।
इवेंट के दौरान मेसी ने बच्चों के साथ फुटबॉल खेला और पेनल्टी शूटआउट में हिस्सा लिया। शूटआउट के समय स्टैंड्स से उनके पूर्व क्लब बार्सिलोना के समर्थन में नारे भी लगे। इसके बाद मेसी ने मैदान का चक्कर लगाया और दर्शकों की तरफ फुटबॉल फेंककर फैंस के साथ विशेष जुड़ाव दिखाया।
सुनील छेत्री, बॉलीवुड सितारों और नेताओं से मुलाकात
इसी इवेंट में भारत के दिग्गज फुटबॉलर सुनील छेत्री ने भी हिस्सा लिया। छेत्री ने इंडियन स्टार्स और मित्र स्टार्स टीम के साथ एक फ्रेंडली मुकाबला खेला, जो 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ। इस मैच में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ भी मैदान पर उतरे। बाद में मेसी ने छेत्री को मोमेंटो और जर्सी गिफ्ट की।
कार्यक्रम के दौरान मेसी की मुलाकात महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अभिनेता अजय देवगन और अभिनेत्री करीना कपूर से भी हुई। सभी ने मिलकर स्टेडियम में मौजूद फैंस का अभिवादन किया और तस्वीरें खिंचवाईं।
हैदराबाद दौरा और कोलकाता स्टैच्यू का वर्चुअल उद्घाटन
मुंबई आने से पहले मेसी हैदराबाद पहुंचे थे, जहां उन्होंने बच्चों के साथ फुटबॉल खेला। उन्होंने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से भी मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने कोलकाता में अपने 70 फीट ऊंचे स्टैच्यू का वर्चुअल उद्घाटन किया।
कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में कार्यक्रम के दौरान मेसी के जल्दी रवाना होने से कुछ फैंस नाराज हो गए थे और वहां तोड़फोड़ भी हुई। पूरे दौरे में उनके साथ रोड्रिगो डी पॉल और लुईस सुआरेज भी लगातार मौजूद हैं।
GOAT इंडिया टूर और पीएम मोदी से मुलाकात की तैयारी
मेसी यूनिसेफ के ब्रांड एम्बेसडर हैं और इसी के तहत वे GOAT इंडिया टूर पर आए हैं। इस टूर में वे कुल चार भारतीय शहरों का दौरा कर रहे हैं, जिनमें हैदराबाद, मुंबई और नई दिल्ली प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के शेड्यूल के अनुसार मेसी 15 दिसंबर को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इसी मुलाकात के साथ उनका यह दौरा आधिकारिक रूप से समाप्त होगा। मेसी के इस टूर ने भारत में फुटबॉल प्रेमियों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा किया है और क्रिकेट व फुटबॉल के दिग्गजों को एक मंच पर देखने का अनोखा मौका भी दिया है।
Pushpendra Chaubey