ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग को चुनावी प्रक्रिया पर पत्र लिखा
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य में चुनावी व्यवस्था से जुड़े दो प्रस्तावों पर आपत्ति जताई है। इनमें डेटा एंट्री का काम निजी कंपनियों को देने और प्राइवेट हाउसिंग सोसायटी के अंदर पोलिंग स्टेशन बनाने का सुझाव शामिल है।
चुनाव आयोग को लिखा पत्र
ममता ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पत्र लिखकर इन प्रस्तावों को जोखिम भरा बताया। उन्होंने कहा कि इससे चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल उठ सकते हैं। उन्होंने मांग की है कि इन मुद्दों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाए ताकि आयोग की साख बनी रहे।
प्राइवेट सोसायटी में पोलिंग बूथ पर आपत्ति
ममता ने कहा कि पोलिंग स्टेशन हमेशा सरकारी या अर्ध-सरकारी जगहों पर होने चाहिए। प्राइवेट सोसायटी में बूथ बनाने से निष्पक्षता पर शक पैदा हो सकता है। इसके अलावा, लोगों के बीच असमानता और पहुंच की समस्याएं भी हो सकती हैं।
SIR प्रक्रिया को लेकर विरोध
पश्चिम बंगाल में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया को लेकर भी ममता ने आपत्ति जताई। उन्होंने इसे खतरनाक और जबरदस्ती थोपने वाली प्रक्रिया बताया। BLO अधिकारियों ने भी प्रक्रिया के तहत काम का दबाव होने का दावा करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव मार्च-अप्रैल 2026 में होने वाले हैं। राज्य में वोटर लिस्ट वेरिफिकेशन का काम चल रहा है।
Vivek Singh