इंदौर में संघ का बड़ा कार्यक्रम: शताब्दी वर्ष की गाथा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का 30 नवंबर को इंदौर में बड़ा आयोजन होने जा रहा है। यह कार्यक्रम रवींद्र नाट्यगृह में होगा, जिसमें संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले मुख्य वक्ता होंगे। कार्यक्रम में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी, स्वयंसेवक और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहेंगे।
संघ के इतिहास और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा
इस कार्यक्रम के दौरान होसबाले संघ के 100 वर्षों के इतिहास, संघर्ष, सेवा कार्य और भविष्य की चुनौतियों व योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे। उनका संबोधन एक घंटे से अधिक समय तक चलेगा।
घर-घर अभियान और पंच परिवर्तन
संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुसार संघ ने एक व्यापक जनसंपर्क अभियान की योजना बनाई है जो दिसंबर के पहले सप्ताह से शुरू होगा। इस अभियान में 5 लाख घरों तक पहुँचने का लक्ष्य है। स्वयंसेवक घर-घर जाकर संघ के इतिहास, सेवा कार्य और पंच परिवर्तन जैसे सामाजिक पहलुओं पर चर्चा करेंगे। पंच परिवर्तन में स्वदेशी, सामाजिक समरसता, पर्यावरण, नागरिक कर्तव्य और कुटुंब प्रबोधन शामिल हैं।
जनवरी में हुआ था बड़ा आयोजन
इसी साल जनवरी में इंदौर के दशहरा मैदान में संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत की उपस्थिति में मालवा प्रांत के 28 जिलों के 870 स्वयंसेवकों द्वारा घोष वादन किया गया था। इस आयोजन में समाज के 500 से अधिक प्रमुख लोग और स्वयंसेवक शामिल हुए थे।
संघ इस तरह से अपने शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए देशभर में आयोजन कर रहा है।
Amit Pateria