भोपाल।
मध्यप्रदेश सरकार ने मुख्य सचिव (Chief Secretary) अनुराग जैन का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। वे 31 अगस्त 2025 को सेवानिवृत्त होने वाले थे, लेकिन अब अगस्त 2026 तक राज्य के मुख्य सचिव बने रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और नवाचारों से प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दी बधाई
गुरुवार को सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा –
"मध्यप्रदेश शासन के मुख्य सचिव अनुराग जैन जी, आपको कार्यकाल के एक वर्ष बढ़ाए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके दीर्घ प्रशासनिक अनुभव, नवाचारों और सतत् प्रयासों से प्रदेश की विकास यात्रा निरंतर नए प्रतिमान स्थापित करे, मेरी मंगलकामनाएं।"
सातवें मुख्य सचिव जिन्हें मिला एक्सटेंशन
अनुराग जैन प्रदेश के सातवें ऐसे मुख्य सचिव बने हैं जिन्हें सेवा विस्तार मिला है।
इससे पहले वीरा राणा, इकबाल सिंह बैंस, बीपी सिंह, आर. परशुराम, हरीश खन्ना और आर.पी. कपूर को भी सेवा विस्तार मिल चुका है।
प्रशासनिक करियर और उपलब्धियां
अनुराग जैन का जन्म 11 अगस्त 1965 को ग्वालियर (मध्यप्रदेश) में हुआ था। वे भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वरिष्ठ अधिकारी हैं।
- उनकी पहली नियुक्ति जून 1990 में सागर जिले में सहायक कलेक्टर के रूप में हुई।
- वे मंडला, मंदसौर और भोपाल जिलों में कलेक्टर रह चुके हैं।
- बी.टेक. इंजीनियरिंग और अमेरिका से एमए (लोक प्रशासन) की डिग्री हासिल की है।
- मध्यप्रदेश शासन में सचिव, प्रमुख सचिव और अपर मुख्य सचिव के रूप में कई अहम विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
- वे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में भी कार्य कर चुके हैं और पीएम नरेंद्र मोदी के भरोसेमंद अधिकारियों में गिने जाते हैं।