ओवैसी भाजपा की B टीम पर आरोप, फातमी ने उठाए चुनाव प्रक्रिया पर सवाल
राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद अली अशरफ फातमी ने AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को भाजपा की 'B टीम' करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी की वजह से बिहार में कई सीटों पर महागठबंधन को हार का सामना करना पड़ा। फातमी ने कहा कि ओवैसी और भाजपा की सोच एक जैसी है और उनका उद्देश्य महागठबंधन को नुकसान पहुंचाकर भाजपा को मजबूत करना है।
चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप
चुनाव परिणामों पर सवाल उठाते हुए फातमी ने कहा कि कई जगहों से गड़बड़ी के संकेत मिले हैं। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची से लाखों लोगों के नाम काटे गए और दीपावली-छठ के दौरान श्रमिकों को वोटिंग के लिए बिहार भेजा गया। साथ ही, चुनाव में पैसे का खुलकर इस्तेमाल हुआ, जिसे उन्होंने लोकतंत्र पर हमला बताया। राजद इस मामले का पूरी तरह से अध्ययन कर रही है और जरूरत पड़ने पर आंदोलन की संभावना जताई गई है।
लालू परिवार का विवाद घरेलू मामला
लालू परिवार में चल रहे तनाव को लेकर फातमी ने इसे पूरी तरह घरेलू मामला बताया। उन्होंने कहा कि लालू यादव और राबड़ी देवी इसे खुद सुलझा लेंगे। साथ ही, उन्होंने तेजस्वी यादव को राजद का एकमात्र नेता बताया और पार्टी का समर्थन उनके साथ होने की बात कही।
नीतीश कुमार पर टिप्पणी
नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए फातमी ने कहा कि भाजपा अपने सहयोगियों को लंबे समय तक टिकने नहीं देती। उन्होंने आशंका जताई कि भाजपा जल्द ही नीतीश कुमार को हटा सकती है और अपना मुख्यमंत्री बना सकती है।
फातमी ने कहा कि राजद जनता के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी और चुनाव परिणाम का सम्मान करते हुए अपनी ताकत के साथ जनता से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी।
Gulzar Ahmad