पीएम मोदी ने लॉन्च की BSNL स्वदेशी 4G नेटवर्क सेवा

· 1 min read
पीएम मोदी  ने लॉन्च की BSNL  स्वदेशी 4G  नेटवर्क सेवा

पीएम मोदी ने लॉन्च की BSNL की स्वदेशी 4G नेटवर्क सेवा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के स्वदेशी 4G नेटवर्क को लॉन्च किया। यह लॉन्च ओडिशा के झारसुगुड़ा से किया गया, जिसे भारतीय टेलीकॉम सेक्टर के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। BSNL ने यह सेवा अपने 25 साल पूरे होने के अवसर पर शुरू की है।

ग्रामीण इलाकों तक कनेक्टिविटी बढ़ाने का लक्ष्य

BSNL का 4G नेटवर्क मुख्य रूप से देश के ग्रामीण इलाकों तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाने के उद्देश्य से लॉन्च किया गया है। जहां निजी टेलीकॉम कंपनियां पहले ही 4G और 5G सेवाओं की ओर कदम बढ़ा चुकी हैं, वहीं BSNL ने अब आधिकारिक रूप से 4G सेवा की शुरुआत की है। अधिकारियों के मुताबिक, यह सेवा डिजिटल इंडिया के लिए एक माइलस्टोन है और इससे लगभग 20 लाख नए सब्सक्राइबर्स जुड़ने की उम्मीद है।

डिजिटल भारत के लिए बड़ा कदम

इस अवसर पर पीएम मोदी ने 97,500 मोबाइल टावरों का भी उद्घाटन किया, जिनमें से 92,600 टावर 4G नेटवर्क पर काम करेंगे। इन टावरों को बनाने में करीब 37 हजार करोड़ रुपए का खर्च आया है, और ये पूरी तरह से भारतीय तकनीक पर आधारित हैं।

ओडिशा की भूमिका

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि ओडिशा भारत की विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने हाल ही में ओडिशा में दो सेमीकंडक्टर यूनिट्स को मंजूरी दी है और यहां एक सेमीकंडक्टर पार्क भी बनाया जाएगा।

ग्रामीण भारत पर विशेष ध्यान

BSNL अधिकारियों के अनुसार, यह नेटवर्क क्लाउड-बेस्ड है और भविष्य में इसे 5G में अपग्रेड किया जा सकता है। इस परियोजना के तहत 26,700 से अधिक गांवों को जोड़ा जाएगा, जिनमें से 2,472 गांव ओडिशा में स्थित हैं। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल एक्सेस को बढ़ावा देना, ग्रामीण इलाकों में लोगों को कनेक्ट करना और संचार सेवाओं को सशक्त बनाना है।

BSNL का यह कदम भारतीय टेलीकॉम सेक्टर को आत्मनिर्भर बनाने और डिजिटल इंडिया के विजन को साकार करने की दिशा में एक बड़ा प्रयास है।