पीएमश्री हेलिकॉप्टर सेवा से मध्यप्रदेश में पर्यटन को नई ऊंचाई
मध्यप्रदेश में पीएमश्री हेलिकॉप्टर सेवा की शुरुआत हो चुकी है। यह सेवा धार्मिक, वन्यजीव और वेलनेस पर्यटन स्थलों को जोड़ते हुए यात्रियों को नई सुविधा प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 नवंबर को औपचारिक शुरुआत की थी, जबकि नियमित उड़ानें 20 नवंबर से शुरू होंगी।
तीन प्रमुख पर्यटन सेक्टर
यह सेवा तीन प्रमुख सेक्टर- धार्मिक स्थल, वाइल्ड लाइफ और वेलनेस को जोड़ती है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, कान्हा, बांधवगढ़, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, चित्रकूट, मैहर और अमरकंटक जैसे पर्यटन स्थलों को इस सेवा में शामिल किया गया है। सप्ताह में पांच दिन उड़ानें चलेंगी।
सुरक्षा और सुविधा
हेलिकॉप्टर सेवा में डबल इंजन वाले हेलिकॉप्टर शामिल हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। छोटे रूट्स और बैकअप स्थानों को चिन्हित किया गया है ताकि इमरजेंसी लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध हो।
किराया और बुकिंग
इस सेवा में किराया दूरी के हिसाब से तय किया गया है। ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा www.flyola.in पर उपलब्ध है। 'पहले आओ, पहले पाओ' की तर्ज पर सीटें मिलेंगी। इंदौर से उज्जैन और ओंकारेश्वर के बीच किराया 5 हजार रुपए से शुरू होता है।
पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा
मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों तक कम समय में पहुंचने की इस सुविधा से न केवल पर्यटकों को लाभ मिलेगा बल्कि स्थानीय रोजगार भी बढ़ेगा। मंत्री राकेश सिंह ने इसे महाकौशल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताया है।
Lokendra Mishra