पश्चिम बंगाल में पुजारियों-मुअज्जिनों का मानदेय बढ़ा, कर्मचारियों को भी महंगाई भत्ते की सौगात
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगामी विधानसभा चुनाव की घोषणा से सवा घंटे पहले राज्य के पुजारियों और मुअज्जिनों के मानदेय में ₹500 की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस बढ़ोतरी के बाद अब उन्हें हर महीने ₹2000 मिलेंगे। सरकार ने मानदेय योजना के तहत पुजारियों और मुअज्जिनों के सभी नए आवेदनों को भी मंजूरी दे दी है।
हर समुदाय और परंपरा को महत्व
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने 'X' पोस्ट में बताया कि पुजारी और मुअज्जिन समुदाय के आध्यात्मिक और सामाजिक जीवन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि बंगाल में एक ऐसा माहौल बनाने पर गर्व है, जहां हर समुदाय और परंपरा को महत्व दिया जाता है और उसे मजबूत किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के संरक्षकों को उचित सम्मान और समर्थन मिले।
राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों को बकाया डीए का भुगतान
मानदेय वृद्धि के अतिरिक्त, ममता बनर्जी ने राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए भी एक महत्वपूर्ण ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने ROPA 2009 के तहत महंगाई भत्ते (DA) के बकाया भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है, जिससे कर्मचारियों और पेंशनरों से किया गया वादा पूरा किया जा सके।
इस फैसले से राज्य सरकार के लाखों कर्मचारी, पेंशनर, शैक्षणिक संस्थानों के शिक्षक व गैर-शिक्षक कर्मचारी, साथ ही पंचायत, नगरपालिकाओं और अन्य स्थानीय निकायों जैसे अनुदानित संस्थानों के कर्मचारी व पेंशनर लाभान्वित होंगे। मुख्यमंत्री के अनुसार, ROPA 2009 के DA का बकाया भुगतान मार्च 2026 से शुरू होगा। इसके लिए राज्य के वित्त विभाग की ओर से विस्तृत अधिसूचनाएं जारी कर दी गई हैं, जिनमें भुगतान की प्रक्रिया और नियम तय किए गए हैं।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का ऐलान
यह महत्वपूर्ण घोषणाएं पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ की गई हैं। राज्य में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा, और चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल के अलावा असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु के विधानसभा चुनावों की भी घोषणा की है।
Vivek Singh